सुरेश कुमार ने 17.32 करोड़ रुपये के 31 कार्यों के शिलान्यास एवं उदघाटन किए
कहा, साढे तीन वर्षों में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में लिखी गई है विकास की नई गाथा
भोरंज 05 अक्तूबर। विधायक सुरेश कुमार ने सोमवार को यहां मिनी सचिवालय के निकट आयोजित एक कार्यक्रम में भोरंज विधानसभा क्षेत्र के एक साथ लगभग 17.32 करोड़ रुपये के 31 विकास कार्यों के शिलान्यास एवं उदघाटन किए।
उन्होंने लगभग 16.67 करोड़ रुपये के 21 विकास कार्यों के शिलान्यास किए। इन विकास कार्यों में टिक्कर-जख्योल-मनोह सड़क के सुदृढ़ीकरण पर 9.62 करोड़ रुपये, टिक्करी मिन्हासा-गौटा सड़क के पुल पर 3.72 करोड़ रुपये, सामुदायिक भवन मनवीं 27.22 लाख, बस्सी चौक पैदल पुल 59.01 लाख रुपये, पशु चिकित्सालय भवन भोरंज 58.67 लाख, ऊना-अघार-मंडी हाईवे मरम्मत 10.61 लाख, गांव बल्ह का पार्क 4.77 लाख, महिला मंडल भवन चमयोग 9.83 लाख, जाहू में पार्क 41.34 लाख, मनोह पार्क 7.20 लाख, रेन शैल्टर टमरोह 20.50 लाख, विश्राम गृह भोरंज 23.61 लाख, विश्राम गृह जाहू संपर्क मार्ग 15 लाख, रेन शैल्टर भरेड़ी 9.44 लाख, रेन शैल्टर घराण 5.98 लाख, रेन शैल्टर मनोह 5.65 लाख, रेन शैल्टर समीरपुर 9.36 लाख, रेन शैल्टर पंजोत 9.75 लाख, रेन शैल्टर डाडू 5.98 लाख, रेन शैल्टर चंबोह 5.65 लाख और शहीद लखवीर सिंह द्वार कोट लांगसा पर 10.61 लाख रुपये खर्च होंगे। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र भोरंज में स्ट्रीट लाइट्स लगाने के कार्य का शिलान्यास भी किया। विधायक ने लगभग 64.59 लाख रुपये के 10 रेन शैल्टरों एवं भवनों का लोकार्पण भी किया। इनमें लदरौर, पट्टा, रुठानी, बडैहर, जाहू, संगरवाड़, पार्क तलाई, बाहनवीं और बढार के नवनिर्मित रेन शैल्टर तथा प्राइमरी स्कूल मुंडखर का भवन शामिल है।
इस अवसर पर सभी संबंधित क्षेत्रों एवं पंचायतों के निवासियों को बधाई देते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में पहली बार एक साथ इतनी बड़ी संख्या में विकास कार्यों के शिलान्यास एवं उदघाटन किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साढे तीन वर्षों के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विकास की एक नई गाथा लिखी गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस क्षेत्र के लिए अरबों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। इससे भोरंज विधानसभा क्षेत्र पूरे प्रदेश में एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में उभरकर सामने आया है।
शिलान्यास एवं उदघाटन समारोह में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, बड़सर के पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, एसडीएम शशिपाल शर्मा, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन जेपी नायक, अन्य अधिकारी, क्षेत्र की पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
इसके बाद विधायक ने ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में भी भाग लिया।
=============================
बेसहारा मानसिक रोगियों की मदद करेगा विधिक सेवा प्राधिकरण
7 से 9 अक्तूबर से चलेगा विशेष अभियान
धर्मशाला, 5 अक्तूबर: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा द्वारा मानसिक बीमारी के कारण भटक रहे बेसहारा लोगों की सहायता के लिए 7 से 9 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज के संवेदनशील एवं वंचित वर्ग के लोगों को समयबद्ध, मानवीय एवं उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके अधिकारों, गरिमा और कल्याण की रक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभागों के समन्वय से ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान की जाएगी। अभियान में पैरा लीगल वालंटियर भी सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे।
आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि चिन्हित व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच करवाने के साथ आवश्यक उपचार तथा जरूरत के अनुसार उपयुक्त मनोचिकित्सीय संस्थान में भर्ती करवाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्हें परामर्श, पुनर्वास संबंधी सहायता और सामाजिक सहयोग भी उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर गरिमापूर्ण जीवन व्यतीत कर सकें।
उन्होंने जिलावासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कोई बेघर एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति दिखाई देता है तो इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारी अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर सहायता एवं संरक्षण प्रदान किया जा सकता है।
इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा स्थित धर्मशाला के दूरभाष नम्बर 01892-222370 अथवा टोल फ्री नम्बर 15100 पर सूचना दी जा सकती है।
====================================
आरसेटी ने 33 महिलाओं को करवाया ब्यूटीशियन का कोर्स
हमीरपुर 05 अक्तूबर। मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा आयोजित 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कोर्स सोमवार को संपन्न हो गया। इस कोर्स के दौरान 33 महिलाओं ने ब्यूटी पार्लर से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कोर्स के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने कहा कि इस क्षेत्र में महिलाओं के लिए काफी अच्छी संभावनाएं हैं। आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अपना ब्यूटी पार्लर चलाकर अच्छी आय अर्जित कर सकती हैं। ब्यूटी पार्लर स्थापित करने के लिए अगर उन्हंे बैंक से ऋण की आवश्यकता होगी तो आरसेटी उसमें भी उनकी काफी मदद कर सकता है।
उन्होंने प्रशिक्षण कोर्स में प्रथम रही पूजा देवी, ऑलराउंड एक्टीविटीज के लिए ऋतिका और शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए प्रेरणा को पुरस्कृत भी किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण कोर्स के मूल्यांकनकर्ता सोमदत्त शर्मा, रूपा सूद, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, ट्रेनर पूनम और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
============================================
*एसडीएम ने असूज नवरात्र मेला संबंधी तैयारियों को लेकर की अधिकारियों की बैठक*
*11 से 20 अक्तूबर तक चलेगा नवरात्र मेला*
श्री चिंतपूर्णी (ऊना), 5 अक्तूबर। माता श्री चिंतपूर्णी में असूज नवरात्र मेला 11 से 20 अक्तूबर तक आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने सोमवार को मेले की तैयारियों को लेकर माईदास सदन में आयोजित हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
पारस अग्रवाल ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए एसडीएम अंब को मेला अधिकारी, जबकि डीएसपी अंब को पुलिस मेला अधिकारी तैनात किया जाएगा। इसके अलावा उनकी सहायता के लिए चार अन्य पुलिस अधिकारी भी तैनात रहेंगे। एसएमओ मेले में चिकित्सा अधिकारी के रूप में तैनात होंगे। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र को चार सैक्टरों में बांटा जाएगा। मेला क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएंगे।
श्री अग्रवाल ने बताया कि मेला क्षेत्र के चारों सैक्टरों में साफ-सफाई की व्यवस्था को सुनिश्चित बनाए रखने के लिए एक-एक सुपरवाइजर तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि वे मेले से पूर्व पेयजल टैंको की साफ-सफाई करवाना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त पेयजल के लिए चार स्थानों पर प्याऊ भी स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने विद्युत विभाग को भी निर्देश दिए कि मेले के दौरान सुचारू विद्युत आपूर्ति बनी रहनी चाहिए। उन्होंने अग्निशमन विभाग को भी निर्देश दिए कि अग्निशमन वाहन सही हालत में होने चाहिए यदि वाहनों में दिक्कत है तो मेले से पूर्व अग्निशमन वाहनों का निरीक्षण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि हाइड्रेंड खराब स्थिति में है तो उन्हें जल्द ठीक करवाकर रिपोर्ट देना भी सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान स्पेशल टास्क फोर्स गठित करके भीक्षावृति पर कड़ी नजर रखी जाएगी और यदि कहीं कोई बच्चों से भीख मंगवाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान माता के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं को दर्शन पर्ची माई दास सदन, शंभू बैरियर और एमआरसी में मिलेगी। इसके अतिरिक्त लंगर लगाने की अनुमति लेना अनिवार्य है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
==========================================
स्पेशल एजूकेटर्स की भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 105 उम्मीदवारों का चयनहमीरपुर 05 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में स्पेशल एजूकेटरों (प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक) के 108 पदों को भरने के लिए पोस्ट कोड-25022 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 663 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 643 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 290 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था। 20 से 22 अगस्त तक दस्तावेजों की जांच के बाद 105 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग का एक पद खाली रह गया है। जबकि, कोर्ट केस के कारण सामान्य अनारक्षित वर्ग के दो पद फिलहाल खाली रखे गए हैं। सचिव ने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
============================================
वन्यजीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा, इनका संरक्षण हमारा कर्तव्य: बासु कौशल
वन्यजीव सप्ताह के तहत जिले में जागरूकता एवं सहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन
नुक्कड़ नाटक, बर्ड वाॅचिंग, नेचर वाॅक और पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश
धर्मशाला, 5 अक्तूबर: वन्यजीवों के संरक्षण, जैव विविधता के महत्व तथा प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा वन्यजीव सप्ताह के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज कचैहरी अड्डा धर्मशाला में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जहां फोक मीडिया कलाकारों ने वन्य जीव संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वन अधिकारियों सहित आम लोगों ने वाॅहाईट बोर्ड पर वन्य जीव संरक्षण के लिए संदेश भी लिखे।
मुख्य अरण्यपाल बासु कौशल ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों, युवाओं तथा स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह 2 से 8 अक्तूबर तक मनाया जा रहा है इसका थीम स्वास्थ्य और आजीविका के संरक्षण के लिए वन्यजीवों का संरक्षण रखा गया है। इन गतिविधियों का उद्देश्य लोगों को वन्यजीवों के महत्व, उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण तथा जैव विविधता को सुरक्षित रखने के प्रति संवेदनशील बनाना है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनके संरक्षण के बिना स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने बताया कि सप्ताह के दौरान नुक्कड़ नाटक, बर्ड वाॅचिंग, नेचर वाॅक, पेंटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आम लोगों को वन्यजीवों के संरक्षण, अवैध शिकार की रोकथाम, वन क्षेत्रों में मानवीय हस्तक्षेप को कम करने तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया जा रहा है।
इसी प्रकार बर्ड वाॅचिंग और नेचर वाॅक के माध्यम से प्रतिभागियों को स्थानीय जैव विविधता से रूबरू करवाया जा रहा है। प्रतिभागियों को विभिन्न पक्षी प्रजातियों, वनस्पतियों तथा प्राकृतिक आवासों के बारे में जानकारी प्रदान की जा रही है, ताकि युवा पीढ़ी प्रकृति को करीब से समझे और उसके संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करे।
इस अवसर पर डीएफओ अमित शर्मा ने कहा कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित की जा रही गतिविधियां केवल एक सप्ताह तक सीमित जागरूकता अभियान नहीं हैं, बल्कि इनका उद्देश्य लोगों में प्रकृति संरक्षण की स्थायी भावना विकसित करना और वन्यजीवों के संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करें तथा जंगलों में स्वच्छता बनाए रखने, वनाग्नि की घटनाओं को रोकने और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर वन्यजीव संरक्षण विषय पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। बच्चों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से वन्यजीवों, जंगलों और प्रकृति के संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
विभागीय अधिकारियों ने बच्चों और प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए वन्यजीव संरक्षण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गल्र्स धर्मशाला से भावना, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
=============================================
भोरंज में सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर और एचआर के साक्षात्कार 7 कोहमीरपुर 05 अक्तूबर। शिमला की ईवान सिक्योरिटी फंक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सिक्योरिटी गार्ड के 80, सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 20 और एचआर के 6 पदों को भरने के लिए 7 अक्तूबर को उप रोजगार कार्यालय भोरंज में साक्षात्कार लेगी। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड के लिए न्यूनत्तम शैक्षणिक योग्यता दसवीं या बारहवीं पास, सुपरवाइजर के लिए स्नातक और एचआर के लिए एमबीए रखी गई है। इन पदों के लिए 20 से 36 वर्ष तक के पुरुष एवं महिला उम्मीदवार पात्र हैं। पुरुष उम्मीदवारों की लंबाई कम से कम 5 फुट 7 इंच और वजन 60 किलोग्राम होना चाहिए। जबकि, महिला उम्मीदवारों की लंबाई कम से कम 5 फुट 4 इंच और वजन 48 किलोग्राम होना चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 15 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा और उनका कार्यस्थल हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में होगा।जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।