सोलन दिनांक 18.08.2026-सोलन दिनांक 18.08.2026
मनमोहन शर्मा ने आई.एफ.सी. सलोगड़ा व कण्डाघाट का किया निरीक्षण

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आज एकीकृत कृषि क्लस्टर सलोगड़ा एवं एकीकृत कृषि क्लस्टर कण्डाघाट का निरीक्षण किया।
मनमोहन शर्मा ने एकीकृत कृषि क्लस्टर (आई.एफ.सी.) की वर्तमान स्थिति का जायज़ा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एकीकृत कृषि क्लस्टर केन्द्रों को शीघ्र पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं, प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग सुनिश्चित करें ताकि इन केन्द्रों का प्रत्यक्ष लाभ क्लस्टर स्तरीय महासंघ एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को मिल सके।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि क्लस्टर स्तरीय महासंघ से जुड़ी महिलाओं को एकीकृत कृषि क्लस्टर के संचालन, उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, विपणन एवं प्रबंधन संबंधी उचित एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। इससे वह एकीकृत कृषि क्लस्टर की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित कर सकेंगी तथा अपनी आजीविका के साधनों को और अधिक सुदृढ़ बना सकेंगी।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों एवं क्लस्टर स्तरीय महासंघ से जुड़ी महिलाओं की आजीविका को सुदृढ़ करना प्रशासन की प्राथमिकता है। एकीकृत कृषि क्लस्टर के माध्यम से स्थानीय कृषि एवं संबद्ध उत्पादों का बेहतर उपयोग, मूल्य संवर्धन तथा विपणन सुनिश्चित कर महिलाओं की आय में वृद्धि की जा सकती है।
उपायुक्त ने एकीकृत कृषि क्लस्टर का मुख्य उद्देश्य संसाधनों का सही उपयोग करना और किसानों, बागवानों व पशुपालकों की आय बढ़ाना है। उन्होंने अधिक से अधिक ग्रामीणों को इसका लाभ उठाने का आग्रह किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित क्लस्टर स्तरीय महासंघ की पदाधिकारी एवं एकीकृत कृषि क क्लस्टर के संचालन से जुड़ी महिला सदस्य भी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर उद्योग विभाग के प्रबंधक निदेशक सुरेन्द्र ठाकुर, ज़िला विकास अधिकारी रमेश शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी मजूला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

=====================================================
500 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 22 अगस्त को

मैसर्ज़ बार्बेक्यू नेशन हॉस्पिटैलिटि लिमिटेड दिल्ली द्वारा किचन हेल्पर व स्टुअर्ड के दिल्ली, पुणे, मुम्बई, गुजरात, चेन्नई व बैंगलोर में 500 पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू मॉडल कैरियर सेंटर सोलन नज़दीक डीस्ट्रोफी हॉस्पिटल जटोली, ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में 22 अगस्त, 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने दी।
जगदीश कुमार ने कहा कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं व आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवार के चयनित होने के उपरांत दिल्ली में सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसके खर्चे का पूरा निर्वाहन कम्पनी द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन पदों की विस्तृत जानकारी आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. में प्राप्त कर सकते हैं। सभी योग्य एवं इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर कैंडिडेट लॉगइन टैब के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत अपनी रजिस्ट्रेशन प्रोफाइल पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं।
ज़िला रोज़गार अधिकारी ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपने योग्यता सम्बन्धी सभी अनिवार्य प्रमाण पत्र व दस्तावेज़ों सहित मॉडल कैरियर सेंटर सोलन नज़दीक डीस्ट्रॉफी हॉस्पिटल जटोली, ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में 22 अगस्त, 2026 को प्रातः 10.30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई भी यात्रा-भत्ता देय नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए आवेदक कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01792-227242 पर सम्पर्क कर सकते है।

===============================================

सोलन दिनांक 18.08.2026

ज़िला में 22 अगस्त को विशेष लोक अदालत तथा 12 सितम्बर को राष्ट्रीय लोक अदालत की जाएगी आयोजित


ज़िला सोलन के न्यायालयों में लम्बित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निपटारे के लिए 22 अगस्त, 2026 को विशेष लोक अदालत तथा 12 सितम्बर, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एवं ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रशांत सिंह नेगी ने दी।
प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि 22 अगस्त, 2026 को में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंटस एक्ट, 1881 की धारा 138 के तहत चेक बाउंस मामलों को निपटाने के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 12 सितम्बर, 2026 को प्री-लिटिगेशन मामलों के साथ-साथ न्यायालयों में लम्बित मामलों का भी दोनों पक्षों की आपसी सहमति से निपटारा किया जाएगा।
प्रशांत सिंह नेगी ने पात्र वादकारियों से आग्रह किया कि लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान करवाएं और समय व धन की बचत करें। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में मामलों का निपटारा कम समय, कम खर्च और बिना जटिल कानूनी औपचारिकताओं से किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से त्वरित न्याय, सरल प्रक्रिया, न्यूनतम खर्च और दोनों पक्षों की सहमति से स्थाई समाधान का लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए ज़िला विधिक प्राधिकरण सोलन के कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-220713 या टोल फ्री नम्बर 15100 पर सम्पर्क किया जा सकता है।