भोरंज में किचन हैल्पर और स्टीवर्ड के साक्षात्कार 12 को

हमीरपुर 04 अगस्त। पर्यटन एवं होटल क्षेत्र की प्रसिद्ध कंपनी बारबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में किचन हैल्पर और स्टीवर्ड के 500 पद भरे जा रहे हैं। इन पदों के लिए 12 अगस्त को सुबह 10 बजे उप रोजगार कार्यालय भोरंज में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि किचन हैल्पर के लिए 10वीं या 12वीं पास 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को पीएफ और ईएसआई को मिलाकर कुल 16000 रुपये वेतन मिलेगा। स्टीवर्ड के पदों के लिए अभ्यर्थी के पास फूड सर्विस का एक वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। इन पदों के लिए भी 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को खाने एवं रहने तथा अन्य सुविधाओं सहित कुल 20,000 रुपये वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
======================================
सोलन-दिनांक 04.08.2026

ज़िला स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित

अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि एकीकृत बाल विकास सेवा द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे कार्यक्रमों की निगरानी प्रणाली को आधुनिक बनाने की आवश्यकता है। दिव्यांशु सिंगल गत दिवस एकीकृत बाल विकास सेवा के तहत ज़िला स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
दिव्यांशु सिंगल ने आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से दिए जा रहे पूरक पोषण, प्रारम्भिक बाल शिक्षा और स्वास्थ्य जांच का मूल्यांकन किया तथा इसमें और अधिक सुधार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बेटी है अनमोल योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 73 लाभार्थियों को लगभग 3.70 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 13 लाभार्थियों को 2.60 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत वर्ष 2025-26 में शून्य से 18 वर्ष के वर्ग में 1381 लाभार्थियों को लगभग 1.52 करोड़ रुपए तथा 18 से 27 वर्ष के वर्ग में 68 लाभार्थियों को लाभार्थियों को 7.32 लाख रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में शून्य से 18 वर्ष के वर्ग में 667 लाभार्थियों को लगभग 19.83 लाख रुपए तथा 18 से 27 वर्ष के वर्ग में 05 लाभार्थियों को लगभग 17 हजार रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है।
दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि शगुन योजना के तहत वर्ष 2025-26 के तहत 288 लाभार्थियों को लगभग 89 लाख की राशि वितरित की जा चुकी है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए समय-समय पर जागरूकता शिविर का आयोजन करें ताकि पात्र लोग योजना से लाभान्वित हो सके।
बैठक में अवगत करवाया गया कि ज़िला में 560 स्वयं सहायता समूह है जो विभाग द्वारा चलाए गए हैं। इन समूहों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.16 करोड़ रुपए की बचत की है तथा 215 स्वयं सहायता समूहों को 1.93 करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध करवाया गया है।
इस अवसर पर ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदम देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
=========================================
अब 15 अगस्त तक करवा सकते हैं मक्की और धान का बीमा
एक कनाल जमीन की फसल के लिए देना होगा 48 रुपये प्रीमियम

हमीरपुर 04 अगस्त। प्राकृतिक आपदा जैसे सूखा, बाढ़, जलभराव और ओलावृष्टि इत्यादि से फसलों को होने वाले नुक्सान की भरपाई के लिए आरंभ की गई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ वर्तमान खरीफ सीजन के दौरान भी उठाया जा सकता है। जिला हमीरपुर में इसी योजना के तहत वर्तमान खरीफ सीजन में मक्की और धान की फसल का बीमा किया जा रहा है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीडी शर्मा ने बताया कि इन फसलों के बीमे के लिए अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 15 अगस्त कर दी गई है। पहले इसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई थी, लेकिन किसानों की सुविधा को देखते हुए इसे आगे बढ़ा दिया गया है। उन्होंने बताया कि मक्की की फसल के लिए जिला हमीरपुर की सभी तहसीलें एवं उपतहसीलें अधिसूचित की गई हैं। जबकि, धान की फसल के बीमे के लिए तीन तहसीलें हमीरपुर, नादौन और भोरंज अधिसूचित की गई हैं। उपनिदेशक ने बताया कि इस योजना से संबंधित अधिसूचना विभाग की वेबसाइट एचपीएग्रीकल्चर.कॉम hpagriculture.com पर भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि अधिसूचित तहसीलों और उपतहसीलों में मक्की व धान की फसल उगाने वाले बटाईदारों और काश्तकारों सहित सभी किसान बीमा करवा सकते हैं। किसान अपना फोटो पहचान पत्र, आधार कार्ड और अपनी भूमि के कागजात सहित बीमा कंपनी या नजदीकी लोक मित्र केंद्रों, बैंकों या ऑनलाइन के माध्यम से अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। योजना के संबंध में किसी भी तरह के परामर्श के लिए विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।
सभी ऋणी (जिन्होंने किसी बैंक या अन्य वित्तीय संस्थान से ऋण लिया हो) किसानों को वित्तीय संस्थाओं द्वारा स्वतः ही बीमित कर दिया जाएगा। यदि कोई ऋणी किसान इस योजना का लाभ नहीं उठाना चाहता है तो वह इस बारे में अपना घोषणा पत्र संबंधित बैंक शाखा में जमा करवा सकता है।
उपनिदेशक ने बताया कि जिला हमीरपुर में वर्तमान खरीफ मौसम के लिए क्षेमा जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड को अधिसूचित किया गया है। मक्की और धान की फसल के बीमे के लिए 1200 रुपये प्रति हैक्टेयर यानि 48 रुपये प्रति कनाल प्रीमियम तय किया गया है। इसकी बीमित राशि 60 हजार रुपये प्रति हैक्टेयर होगी।
योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों के अलावा क्षेमा जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के टॉल फ्री नंबर 14447, कंपनी के जिला पर्यवेक्षक संदीप कुमार के मोबाइल नंबर 79866-45536 या राज्य पर्यवेक्षक अरुण कुमार के मोबाइल नंबर 93185-75000 पर संपर्क कर सकते हैं।
============================================
आपसी सहमति से विवाद निपटारे को बढ़ावा देगा 'मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0' अभियान

ऊना, 4 अगस्त. आपसी सहमति और मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0' अभियान शुरू किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं मेडिएशन एंड कॉन्सिलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री विक्रम नाथ ने 'मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0' अभियान के शुभारंभ के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। अभियान का उद्देश्य मध्यस्थता की उपयोगिता, सरलता और प्रभावशीलता के प्रति आम लोगों का विश्वास मजबूत करना है।

शिखा लखनपाल ने कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों को लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण एवं शीघ्र निपटारे के लिए मध्यस्थता अपनाने के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि जहां भी संभव हो, विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए मध्यस्थता की व्यवस्था का अधिक से अधिक उपयोग करें।
=============================================
ऊना जिला की सभी अदालतों में होगा राज्य एवं राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन

ऊना, 4 अगस्त. जिला ऊना की सभी अदालतों में राज्य लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने दी।
उन्होंने बताया कि 22 अगस्त 2026 को परक्राम्य लिखत अधिनियम (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट/चेक बाउंस) से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए जिला ऊना की सभी अदालतों में राज्य लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त 12 सितंबर 2026 को जिला ऊना की सभी अदालतों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। इसमें समझौतायोग्य आपराधिक मामले, मोटर दुर्घटना दावा मामले, बैंक ऋण संबंधी मामले, पारिवारिक विवाद, मजदूरी संबंधी मामले, बिजली-पानी के बिल संबंधी विवाद, भूमि विवाद तथा अन्य उपयुक्त मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
शिखा लखनपाल ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का त्वरित, सरल, कम खर्च तथा निःशुल्क निपटारा संभव है। इससे पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है, साथ ही आपसी संबंध भी सौहार्दपूर्ण बने रहते हैं।
उन्होंने सभी संबंधित पक्षकारों से आग्रह किया कि वे अपने अधिवक्ता अथवा संबंधित न्यायालय से संपर्क कर अपने मामलों को लोक अदालत में रखने के लिए सहमति प्रदान करें और इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करें।