जिला हमीरपुर में विकसित भारत-जी-राम-जी के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित


हमीरपुर 24जुलाई। ग्रामीण विकास विभाग, जिला हमीरपुर द्वारा विकसित भारत-जी-राम-जी (VB-G-RAM-G) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु 23 एवं 24 जुलाई, 2026 को दो दिवसीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण (Training of Trainers - ToT) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला हमीरपुर के सभी खण्ड विकास अधिकारियों (BDOs), वरिष्ठ विस्तार खण्ड कार्यक्रम अधिकारियों (SEBPOs) तथा कंप्यूटर ऑपरेटरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में कुल 18 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर श्रीमती अस्मिता ठाकुर, जिला विकास अधिकारी (DDO) तथा श्रीमती वैशाली शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी (BDO) द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विकसित भारत-जी-राम-जी योजना के उद्देश्यों, प्रावधानों, कार्यान्वयन प्रक्रिया, एमआईएस संचालन तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही योजना के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन हेतु क्षेत्रीय अधिकारियों की भूमिका एवं उत्तरदायित्वों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें योजना के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला हमीरपुर में विकसित भारत-जी-राम-जी योजना के प्रभावी एवं सुचारु क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
==============================

हमीरपुर शहर के कई क्षेत्रों में 26 को बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 24 जुलाई। 11 केवी लोकल हमीरपुर फीडर के अंतर्गत जीओ स्विच के रिपेयर, पीसीसी पोल को बदलने, लाइन के रखरखाव तथा पेड़ों की काट-छांट के कार्य के चलते 26 जुलाई को अणु कलाँ, पूल्ड कॉलोनी , पीडब्ल्यूडी कार्यालय तथा कॉलोनी , एसडीएम ऑफिस , डीसी ऑफिस , गांधी चौक , अप्पर मार्किट, नादौन चौक , बस स्टैंड, प्रताप नगर, ब्रार्ड बल्ह, प्रताप गली, पुलिस स्टेशन और आस-पास के क्षेत्रों में सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सहायक अभियंता सौरभ राय ने बताया कि अगर 26 जुलाई को मौसम खराब रहा तो लाइनों की मरम्मत का कार्य 2 अगस्त को किया जाएगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

==============================================

गुरुकुल स्कूल, हीरानगर, कृष्णानगर, मटाहनी, पक्का भरो तथा आसपास के क्षेत्रों में 26 को बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 24 जुलाई। 11 केवी माइक्रोवेव फीडर में जीओ स्विच की मरम्मत ,लाइन के रखरखाव तथा पेड़ों की काट-छांट के कार्य के चलते 26 जुलाई को गुरुकुल स्कूल, हीरानगर, कृष्णानगर, मटाहनी, पक्का भरो, हिम अकादमी पब्लिक स्कूल घरियाना मसंदा, रेस्ट हाउस, प्रताप होटल, गन्दा नौण , केन्द्रीय विद्यालय, श्याम नगर, जज रेजिडेंस, नडीयाणा तथा आस-पास के क्षेत्रों में सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सहायक अभियंता सौरभ राय ने बताया कि अगर 26 जुलाई को मौसम खराब रहा तो लाइनों की मरम्मत का कार्य 2 अगस्त को किया जाएगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

=========================================

24 अगस्त को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 29 अगस्त को होगा मॉप-अप राउंड

हमीरपुर 24 जुलाई । स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला हमीरपुर द्वारा आगामी 24 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (National Deworming Day) एवं विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय अत्री ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, प्ले स्कूलों तथा स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र बच्चों को एल्बेंडाजोल टैबलेट एवं विटामिन-ए की खुराक प्रदान की जाएगी।

यह कार्यक्रम बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने, उनके पोषण स्तर में सुधार लाने तथा स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। 1 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल के साथ-साथ विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी, जबकि 5 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों एवं किशोरों को केवल एल्बेंडाजोल टैबलेट का सेवन कराया जाएगा।

डॉ अजय अत्री ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। साथ ही दवाइयों की उपलब्धता एवं वितरण संबंधी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके।

उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को आयोजित मुख्य अभियान के दौरान छूटे हुए पात्र बच्चों को कवर करने हेतु 29 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा कृमि मुक्ति एवं विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम के लाभ से वंचित न रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय अत्री ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा सभी पात्र बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

===================================

पेंशन लाभार्थी समय रहते करवाएं ई-केवाईसी - चमन लाल शर्मा

हमीरपुर, 24 जुलाई।जिला कल्याण अधिकारी हमीरपुर चमन लाल शर्मा ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे सभी लाभार्थियों से समय रहते अपना ई-केवाईसी सत्यापन करवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता तथा पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का राजस्व एवं ई-केवाईसी सत्यापन कार्य जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जुलाई 2025 में आरंभ किया गया था। विभाग द्वारा सत्यापन की अंतिम तिथि 28 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई थी। विभाग के सतत प्रयासों के फलस्वरूप जिले में अब तक 51,825 पेंशन लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन पूरा किया जा चुका है।

जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि विभाग के ध्यान में आया है कि कुछ पेंशन लाभार्थी अभी भी अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवा सके हैं, जिसके कारण वे पेंशन सुविधा से वंचित हैं। ऐसे सभी लाभार्थियों को एक माह के भीतर अपने संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर ई-केवाईसी सत्यापन करवाने का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।

उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाने की स्थिति में यह माना जाएगा कि संबंधित व्यक्ति पेंशन प्राप्त करने का इच्छुक नहीं है अथवा सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से समय रहते आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का आग्रह किया है।

चमन लाल शर्मा ने बताया कि जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड नहीं बना है अथवा आधार कार्ड में किसी प्रकार के संशोधन या अपडेट की आवश्यकता है, वे जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

==================================================

ईएसआई शाखा कार्यालय हमीरपुर ने मृत आउटसोर्स कर्मचारी के परिवार को प्रदान की आश्रितजन हितलाभ (पेंशन) सुविधा
हमीरपुर, 24 जुलाई। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के शाखा कार्यालय हमीरपुर द्वारा मृत बीमित आउटसोर्स कर्मचारी के परिजनों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करते हुए आश्रितजन हितलाभ (पेंशन) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।


शाखा कार्यालय हमीरपुर ने स्वर्गीय राकेश कुमार के परिवार को आश्रितजन हितलाभ के रूप में पेंशन की शुरुआत की। स्वर्गीय राकेश कुमार मेसर्स आर.के. एंड कंपनी के माध्यम से एनआईटी हमीरपुर में कार्यरत थे। दिनांक 17 फरवरी 2026 को कार्य के दौरान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के पश्चात उनका निधन 21 फरवरी 2026 को हो गया था।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व एनआईटी के एक अन्य आउटसोर्स कर्मचारी स्वर्गीय अजय के परिवार को भी ईएसआई शाखा कार्यालय हमीरपुर द्वारा आश्रितजन हितलाभ के अंतर्गत प्रतिमाह पेंशन का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक श्री अमित कुमार ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 लागू होने के बाद “वेतन (मजदूरी)” की परिभाषा में बदलाव आया है, जिसके कारण अधिक संख्या में कर्मचारी ईएसआई योजना के दायरे में आ रहे हैं और सामाजिक सुरक्षा लाभों के पात्र बन रहे हैं।

उन्होंने सभी नियोजकों से अपील की कि वे नई परिभाषा के अनुरूप अपने पात्र कर्मचारियों का ईएसआई पंजीकरण समय पर सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक एवं उनके परिवारजन ईएसआई सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के प्रावधानों के अनुसार किसी भी कर्मचारी को कार्य पर रखने से पहले उसका ईएसआई पंजीकरण अनिवार्य है।

ईएसआईसी द्वारा आश्रितजन हितलाभ के अतिरिक्त बीमारी, अस्थायी एवं स्थायी अपंगता तथा मातृत्व हितलाभ सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा लाभ भी प्रदान किए जाते हैं, जिससे श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

======================================================
-मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने कहा कि गत दिवस एक प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार ‘अब स्कूलों में नहीं लगेगी किशोरियों को एच.पी.वी. वैक्सीन’ बारे स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि यह समाचार तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।

सोलन-दिनांक 24.07.2026-मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने कहा कि गत दिवस एक प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार ‘अब स्कूलों में नहीं लगेगी किशोरियों को एच.पी.वी. वैक्सीन’ बारे स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि यह समाचार तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।
डॉ. पाठक ने कहा कि एच.पी.वी. वैक्सीन के सम्बन्ध में अभी तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूलों के प्रधानाचार्यों अथवा शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों के साथ कोई औपचारिक बैठक आयोजित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर परामर्श बैठक योजना के चरण में है तथा इसकी तिथि निर्धारित होने पर जानकारी साझा की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा विभाग द्वारा एच.पी.वी. वैक्सीन या किसी अन्य जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के सम्बन्ध में किसी प्रकार का इनकार या रोक का कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।
डॉ. पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सभी जन स्वास्थ्य कार्यक्रम राज्य एवं ज़िला स्तर पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार तथा अभिाभावकों की सूचित सहमति प्राप्त करने के उपरांत ही संचालित किए जाते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि एच.पी.वी. वैक्सीन सुरक्षित है और उन्होंने पात्र बालिकाओं के माता-पिता से आग्रह किया कि सर्वाइल कैंसर से लड़ने के लिए अपनी बेटियों को एच.पी.वी. वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने सभी मीडिया संस्थानों से अनुरोध किया कि स्वास्थ्य विभाग से सम्बन्धित किसी भी समाचार के प्रकाशन से पूर्व विभाग से आधिकारिक पुष्टि अवश्य प्राप्त करें ताकि आम जन तक सही जानकारी पहुंच सके।