श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान यात्रियों का पंजीकरण रहेगा अपरिहार्य: उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
लाहडू और कलसुंई में स्थापित किए जाएंगे पंजीकरण निरीक्षण केंद्र
बिना पंजीकरण के श्री मणिमहेश यात्रा नहीं कर पाएंगे श्रद्धालु: उपायुक्त
चम्बा, 23 जुलाई-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि श्री मणिमहेश यात्रा-2026 पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण करवाना अपरिहार्य रहेगा। इस वर्ष कोई भी श्रद्धालु बिना पंजीकरण के यात्रा नहीं कर सकेगा। उपायुक्त आज श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान अपनाई जाने वाली पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण एवं स्लॉट बुकिंग की सुविधा 1 अगस्त, 2026 से आधिकारिक वेबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर उपलब्ध रहेगी। इसके लिए 50 रुपये का पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की समस्त जानकारी पंजीकरण के दौरान जारी की जाने वाली पंजीकरण पर्ची तथा उस पर अंकित क्यूआर कोड में उपलब्ध रहेगी, जिससे निरीक्षण के समय सत्यापन में आसानी होगी।
उपायुक्त ने कहा कि पंजीकरण के उपरांत जारी की जाने वाली पर्ची पर श्रद्धालु का आवश्यक विवरण, आपातकालीन सहायता नंबर तथा यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला के लाहडू और कलसुंई में पंजीकरण निरीक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रत्येक श्रद्धालु के पंजीकरण का सत्यापन अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण के श्री मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने सहित किसी भी प्रकार की व्यवस्था उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि निरीक्षण केंद्रों पर यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ऑनलाइन पंजीकरण के डेमोंस्ट्रेशन के पश्चात उपायुक्त ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से किया जाए, ताकि पंजीकरण के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने गत वर्ष की श्री मणिमहेश यात्रा के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं ताकि किसी भी परिस्थिति में श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
इससे पूर्व अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के सफल आयोजन को लेकर की जा रही विभिन्न तैयारियों की जानकारी उपायुक्त को दी।
बैठक में नेट जैन कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक गौरव गुप्ता ने श्री मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर ऑनलाइन पंजीकरण का डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि श्री मणिमहेश यात्रा के लिए विकसित आधिकारिक वेबसाइट पर यात्रा से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त तथा सभी उपमंडलों के एसडीएम वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
=============================================
अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में एंटी चिट्टा अभियान के तहत प्रस्तुत होंगे नुक्कड़ नाटक: उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
चम्बा, 23 जुलाई-उपायुक्त एवं अध्यक्ष मिंजर मेला समिति मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत विशेष नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियां राजकीय महाविद्यालय चम्बा के विद्यार्थियों तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चम्बा के प्रशिक्षु चिकित्सकों द्वारा दी जाएंगी, ताकि समाज विशेषकर युवाओं तक चिट्टा जैसे घातक नशे से दूर रहने का प्रभावी संदेश पहुंचाया जा सके।
उपायुक्त आज अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान न्यू बस स्टैंड चम्बा में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएगी, जिसके माध्यम से विभिन्न नाटकों सहित जनहित संदेशों का प्रसारण किया जाएगा।
बैठक में मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन, यातायात व पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का आयोजन सफल बनाया जा सकें।
उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां भी समय रहते पूरी की जाएं तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
बैठक का संचालन करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने उपायुक्त को अवगत कराया कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की अधिकांश तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और शेष कार्य भी निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लिए जाएंगे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा व कनिष्ठ अभियंता नितिका ठाकुर उपस्थित रहे।