चंबा 23 जुलाई 2026,
सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम आयोजित
माई भारत चंबा द्वारा जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय चंबा के सहयोग से सार्वजनिक वितरण प्रणाली विषय पर 5 दिवसीय अनुभावात्मक शिक्षण कार्यक्रम (एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 18 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली एवं शासकीय कार्यालयों के कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। यह जानकारी नेहरू युवा केंद्र चंबा के जिला युवा अधिकारी राहुल गर्ग ने दी।
इस कार्यक्रम में जिला चंबा के पांच प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय के विभिन्न अनुभागों में कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, जनसंपर्क एवं विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों ने खाद्यान्न भंडारण गोदामों (गोडाउन) का भ्रमण कर खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण की प्रक्रिया को निकट से समझा। इसके अतिरिक्त उन्होंने उचित मूल्य की दुकानों (राशन डिपो) का भी दौरा किया, जहां लाभार्थियों को आवश्यक खाद्य सामग्री के वितरण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता, आपूर्ति श्रृंखला तथा खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सार्वजनिक सेवा वितरण व्यवस्था को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
माई भारत चंबा ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय, चंबा तथा विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। जिला युवा अधिकारी राहुल गर्ग ने बताया कि माई भारत का उद्देश्य ऐसे अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में प्रशासनिक समझ, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।
=============================================
बैरी अनुभाग के अंतर्गत आसपास के क्षेत्रों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
बिलासपुर 23 जुलाई: सहायक अधिशाषी अभियंता विद्युत उप मण्डल-। ई. सन्नी जगोता ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 जुलाई को बैरी अनुभाग में बिजली की लाईनों की आवश्यक मरम्मत व पेडों की कांट-छांट करने के चलते कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को बैरी अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र बरमाना, कैंचीमोड़, गुगाभटेढ़, खलेड, लघट, नालगचांगरू, बैरी रजांदियां, बीडीटीएस ग्राउंड तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि शटडाउन मौसम पर निर्भर रहेगा तथा लोगों से सहयोग की अपील की है।
=======================================
वन्य प्राणी वृत्त (उत्तर) धर्मशाला में सेवानिवृत्त पटवारियों के पुनर्नियोजन के लिए आवेदन आमंत्रित
धर्मशाला, 23 जुलाई: हिमाचल प्रदेश वन विभाग के वन्य प्राणी वृत्त (उत्तर), धर्मशाला ने रिक्त पटवारी पदों पर पुनर्नियोजन (री-एंगेजमेंट) के लिए पात्र सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित 10 अगस्त 2026 तक कार्यालय समय के दौरान कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
यह जानकारी देते हुए मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी वृत्त (उत्तर) धर्मशाला ने बताया कि विभाग द्वारा कुल दो पटवारी पद भरे जाएंगे। इनमें एक पद डीएफओ वन्य प्राणी मंडल हमीरपुर तथा एक पद वन्य प्राणी मंडल चंबा में तैनाती के लिए है। चयनित अभ्यर्थियों को 40 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग के किसी भी विंग से सेवानिवृत्त अधिकारी होना तथा न्यूनतम पांच वर्ष की सेवा पूरी करना आवश्यक है। आवेदन के समय उसके विरुद्ध कोई विभागीय, अनुशासनात्मक अथवा सतर्कता संबंधी मामला लंबित नहीं होना चाहिए। पुनर्नियोजन के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है।
पुनर्नियोजन प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए किया जाएगा, जिसे आवश्यकता एवं कार्य प्रदर्शन के आधार पर बढ़ाया जा सकता है। यदि आवेदनों की संख्या रिक्तियों से अधिक होती है तो कम आयु वाले पात्र अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। पुनर्नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी होगी तथा नियमित अधिकारियों की उपलब्धता या अन्य निर्धारित परिस्थितियों में इसे समाप्त किया जा सकेगा।
==========================================
सोलन दिनांक 23.07.2026
‘एम.सी. सदस्यों की भूमिका एवं जिम्मेदारी’ विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
ज़िला परियोजना प्रबंधक इकाई सोलन द्वारा हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना के तहत आज यहां प्रबंधन समिति (एम.सी.) के सदस्यों के लिए ‘एम.सी. सदस्यों की भूमिका एवं जिम्मेदारी’ विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य कृषि प्रबंधन विस्तार प्रशिक्षण संस्थान मशोबरा के निदेशक डॉ. संतोष गुप्ता ने की।
डॉ. संतोष गुप्ता ने एम.सी. सदस्यों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने समिति संचालन में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन, सामूहिक निर्णय प्रक्रिया तथा टीम भावना के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सदस्यों को अपने दात्यिवों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
ज़िला परियोजना प्रबंधन इकाई के ज़िला परियोजना निदेशक डॉ. राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर ‘एम.सी. सदस्यों की भूमिका एवं जिम्मेदारी’ विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण में ज़िला परियोजना प्रबंधन इकाई सोलन के विषय वाद विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र कुमार सहित खण्ड परियोजना प्रबंधन इकाई सोलन तथा नाहन के 15 उप परियोजना के प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
.0.