डीसी गंधर्वा राठौड़ ने झुग्गी बस्ती के लोगों को बांटे कपड़े और खिलौने
रैडक्रॉस की जिला और उपमंडल इकाई ने एकत्रित किए थे पुराने कपड़े और खिलौने
डीसी ने बड़सर के मिनी सचिवालय और पुस्तकालय का भी किया निरीक्षण
Badsar 18 जुलाई। जिला रैडक्रॉस सोसाइटी हमीरपुर और उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी बड़सर ने शनिवार को यहां मिनी सचिवालय के परिसर के साथ लगते क्षेत्र की झुग्गी बस्ती के लोगों और बच्चों को कपड़े एवं खिलौने वितरित किए।
इस अवसर पर उपायुबक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि आम घरों में कई ऐसे कपड़े और खिलौने पड़े रहते हैं जोकि अच्छी हालत में होते हैं, लेकिन परिवार का कोई भी सदस्य इनका उपयोग नहीं कर रहा होता है। जिला रैडक्रॉस सोसाइटी ने इन कपड़ों और खिलौनों को एकत्रित करने का अभियान चलाया था। इसी अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगांे ने कपड़े और खिलौने जिला रैडक्रॉस सोसाइटी को सौंपे थे। इन्हीं कपड़ों और खिलौनों को जरुरतमंद लोगों एवं बच्चों को बांटा जा रहा है। उपायुक्त ने कपड़े एवं खिलौने दान करने वाले लोगों का धन्यवाद भी किया।
कार्यक्रम के दौरान एडीसी एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अभिषेक गर्ग, एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष स्वाति डोगरा, जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
इससे पहले, उपायुक्त ने मिनी सचिवालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मिनी सचिवालय परिसर में संचालित किए जा रहे पुस्तकालय में विभिन्न सुविधाओं का जायजा भी लिया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। एसडीएम स्वाति डोगरा ने उपायुक्त को विभिन्न सुविधाओं से अवगत करवाया।
======================================================
15 अगस्त तक बंद रहेगी रंगस-कंडरोला-चौड़ू सड़क
हमीरपुर 18 जुलाई। उपमंडल नादौन में रंगस-कंडरोला-चौड़ू सड़क पर ग्राम पंचायत कंडरोला प्लासी में शिव मंदिर चौक के पास कंक्रीट सीमेंट पेवमेंट बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। इस कार्य के चलते इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 15 अगस्त तक बंद की गई है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि ग्राम पंचायत कंडरोला प्लासी में शिव मंदिर के पास कंक्रीट सीमेंट पेवमेंट बिछाने का कार्य आरंभ किया गया है। इसलिए रंगस-कंडरोला-चौड़ू सड़क के इस हिस्से पर यातायात 15 अगस्त तक बंद किया गया है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक बड़ा-रैल, लाहड़, चौड़ू सड़क या चौड़ू से बल्ह चौक, बाबे दी कुटिया, रैल, रंगस सड़क को वैकल्पिक रूट के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।