टिक्करी मिन्हासा में आरसेटी की प्रशिक्षणार्थियों ने भी किया योग
भोरंज 21 जून। ग्राम पंचायत टिक्करी मिन्हासा में पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविर की प्रतिभागी महिलाओं ने भी रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस अवसर पर आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान और अन्य अधिकारियों ने भी योगाभ्यास किया।
===================
नघूं में आरसेटी की प्रशिक्षणार्थियों ने भी किया योग
नादौन 21 जून। ग्राम पंचायत कोटला चिल्लियां के गांव नघूं में पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविर की प्रतिभागी महिलाओं ने भी रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना, फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट, ट्रेनर नीलम राणा और स्थानीय प्रधान संजू देवी ने भी योगाभ्यास किया।
==========================================
योगाभ्यास को बनाया जाए दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा : अमित मैहरा
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय योग शिविर आयोजित
चंबा, 21 जून-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयुष विभाग के सौजन्य से जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम "स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग" रही। इस थीम के माध्यम से लोगों को जीवन के प्रत्येक चरण में स्वस्थ, सक्रिय एवं निरोग रहने के लिए योग को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने उपस्थित लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरोग एवं स्वस्थ जीवन के लिए योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनता है तथा हृदय रोग, मधुमेह सहित अनेक जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग के लिए समय निकालने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. योगेश जरयाल के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम करवाए गए। इनमें पद्मासन, वज्रासन, भुजंगासन, ताड़ासन तथा शवासन के साथ-साथ प्राणायाम में भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शीतली एवं उज्जायी का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, योग दिवस के नोडल अधिकारी सुशील कुमार सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, नर्सिंग कॉलेज, बहुतकनीकी संस्थान के प्रशिक्षु तथा सेवा भारती चंबा एवं सर्वोदय टीम के सदस्यों ने भाग लिया।
========================================================
नवोदय विद्यालय में सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स और अन्य लोगांे ने किया योग
कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी ने नवोदय विद्यालय के सहयोग से किया आयोजन
भोरंज 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी खरवाड़ ने डूंगरी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के परिसर में योगाभ्यास सत्र आयोजित किया। इस योगाभ्यास सत्र के दौरान भोरंज उपमंडल और कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी के अधिकारियों, विद्यार्थियों और नवोदय विद्यालय परिसर में जारी एनसीसी कैंप के सैकड़ों प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर एसडीएम शशिपाल शर्मा, एनसीसी की 4 एचपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल गौरवप्रीत सिंह, संजीवन कुमार, कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. सुनील कुमार शर्मा और नवोदय विद्यालय के उपप्रधानाचार्य समरजीत भाटिया ने योग के महत्व पर अपने विचार सांझा किए।
एसडीएम शशिपाल शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीनतम जीवनशैली का हिस्सा है, जो आज वैश्विक पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि हमें योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। इससे हमारे जीवन में शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन बना रहेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम ‘योगा फॉ हेल्दी एजिंग’ रखा गया है, जो बढ़ती उम्र में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने पर केंद्रित है।