चण्डीगढ़, 10.05.26 : सेक्टर 15-ए स्थित फ्लोरल स्कल्पचर गार्डन में श्रमिक दिवस के अवसर पर स्वर्गीय लाला करम चंद की स्मृति में स्वास्थ्य जागरूकता योग शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को योग, स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
इस योग शिविर में फुटवार्ज फुटबॉल अकादमी सेक्टर 11 चंडीगढ़ तथा लॉयंस स्कूल फॉर डेफ एंड डम्ब सेक्टर 18 चंडीगढ़ के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कुल 50 बच्चों ने अपनी सहभागिता दर्ज करवाई। शिविर के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को योग के विभिन्न आसनों, ध्यान तथा स्वस्थ दिनचर्या के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। आयोजकों ने कहा कि आज का युवा वर्ग नशे तथा गलत खान-पान की आदतों की ओर बढ़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे समय में योग और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान युवाओं को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी प्रिथी सिंह प्रजापति (अध्यक्ष, हिमाचल महासभा चंडीगढ़) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. धर्मवीर, एम.आर. लखनपाल (पैटर्न आरडब्ल्यूएस सेक्टर 15-ए चंडीगढ़), महासचिव आरडब्ल्यूएस सेक्टर 15, अध्यक्ष, वरिष्ठ नागरिक संघ) तथा डॉ. इकबाल सिंह ढिल्लों (प्रशासनिक निदेशक, नेशनल रिहैबिलिटेशन इंस्टीट्यूट, चंडीगढ़) आदि उपस्थित रहे।