चण्डीगढ़, 02.05.26- : मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी राजबीर सिंह भारतीय ने हरियाणा और पंजाब के हालिया नगर निकाय चुनावों के नतीजों में आए बड़े अंतर पर सवाल उठाते हुए चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग की है।

जारी प्रेस नोट में उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा की सामाजिक एवं भौगोलिक परिस्थितियां समान होने के बावजूद चुनावी परिणामों में बड़ा अंतर देखने को मिला। उन्होंने इस विरोधाभास को लेकर ईवीएम और बैलेट पेपर प्रणाली पर सार्वजनिक बहस की आवश्यकता बताई।

राजबीर सिंह भारतीय ने चुनाव आयोग से ईवीएम की पारदर्शिता पर उठ रहे संदेहों को दूर करने के लिए आगामी दिसंबर 2026 के चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव तथा भविष्य के चुनावों में बैलेट पेपर के इस्तेमाल पर विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सर्वोपरि है और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तथा भरोसेमंद होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिनों के अंतराल में हरियाणा में निकाय चुनाव ईवीएम से और पंजाब में बैलेट पेपर पर हुए थे।