चण्डीगढ़,02.06.26- : सेक्टर-41ए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के चुनाव में पृथ्वी सिंह प्रजापति को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। उनके अलावा ओ. पी. भगत को महासचिव, अमन कुमार को उपाध्यक्ष, रमेश गुप्ता को कोषाध्यक्ष तथा विशाल गर्गी को प्रेस सचिव नियुक्त किया गया। रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के चुनावों के लिए सोनू वर्मा को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सेक्टर-41ए के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्कों के रखरखाव, नागरिक सुविधाओं में सुधार तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को साथ लेकर नई कार्यकारिणी की उप-समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि विकास कार्यों को गति दी जा सके और निवासियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित टीम क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देगी। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी सदस्यों ने नई टीम को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।