बडैहर स्कूल के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
ऊना, 12 मई: ऊना उपमण्डल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बडैहर के विद्यार्थियों ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्र जसप्रीत सिंह ने 97.57 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। यह जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्ञान सिंह रायजादा ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के सम्मान में आयोजित समारोह के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि विद्यालय की छात्रा जसप्रीत कौर ने 96.57 प्रतिशत तथा छात्रा सिमरन ने 91.71 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से अभिभावकों के साथ-साथ विद्यालय परिवार भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि कुल 700 अंकों में से जसप्रीत सिंह ने 683 अंक, जसप्रीत कौर ने 676 अंक तथा सिमरन ने 642 अंक अर्जित किए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को शिक्षित करने का आह्वान किया, ताकि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनें।
================================
नादौन में 13 को प्रस्तावित ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग स्थगित
नादौन 12 मई। एसडीएम कार्यालय नादौन के अंतर्गत 13 मई को प्रस्तावित ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग फिलहाल स्थगित कर दी गई है। नादौन के एसडीएम और पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकारी निशांत शर्मा ने बताया कि प्रशासनिक कारणों से इन्हें स्थगित करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग की नई तिथि जल्द ही निर्धारित कर दी जाएगी।
===========================================
नादौन और बड़सर में वन विभाग की लकड़ी की नीलामी 21-22 को
हमीरपुर 12 मई। वन रेंज कार्यालय नादौन, निरीक्षण हट अमलैहड़, वन रक्षक हट जसाई, कांगू और धनपुर में रखी गई लकड़ी की नीलामी 21 मई को सुबह साढे ग्यारह बजे वन रेंज कार्यालय नादौन में की जाएगी।
इसी प्रकार, वन रेंज कार्यालय बड़सर, वन रक्षक हट घुनानी, पनयाली, बीओ आवास परिसर बुंबलू और सीनियर सेकंडरी स्कूल टिप्पर के परिसर में रखी गई लकड़ी की नीलामी 22 मई को सुबह साढे ग्यारह बजे वन रेंज कार्यालय बड़सर में की जाएगी।
वन उप अरण्यपाल कार्यालय हमीरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दोनों नीलामी के नियमों एवं शर्ताें के संबंध में अधिक जानकारी के लिए संबंधित वन रेंज कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक लोग विभिन्न स्थानों पर रखी गई लकड़ी का अवलोकन किसी भी कार्य दिवस को कर सकते हैं।
===============================================
हमीरपुर थाने में टैक्सी वाहन की नीलामी 15 जून को
हमीरपुर 12 मई। उपमंडल बड़सर के एक टैक्सी वाहन से संबंधित एक मामले में सिविल जज न्यायालय बड़सर ने वारंट ऑफ सेल जारी किया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजीव ठाकुर ने बताया कि डिक्रिटल राशि की रिकवरी के लिए इस वाहन की बिक्री खुली नीलामी के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वाहन की नीलामी की प्रक्रिया 15 जून को सुबह 11 बजे पुलिस थाना हमीरपुर के परिसर में पूर्ण की जाएगी। इच्छुक लोग इस नीलामी में भाग ले सकते हैं।
============================
पनसाई, मालग और अन्य पंचायतों में 14 को बंद रहेगी बिजली
नादौन 12 मई। विद्युत उपमंडल धनेटा में 14 मई को लाइनों की आवश्यक मरम्मत और पेड़ों की टहनियों की काट-छांट के कार्य के चलते ग्राम पंचायत पनसाई, मंझेली, मालग, बढेड़ा, सनाही, बूणी और बलेटा के सभी गांवों एवं पेयजल योजनाओं की विद्युत आपूर्ति सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बंद रहेगी।
सहायक अधिशाषी अभियंता किशोरी लाल ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि अगर 14 मई को मौसम खराब हुआ तो यह कार्य अगले दिन किया जाएगा।
================================
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय धर्मशाला छावनी में कक्षा 11वीं के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी
विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में रिक्त सीटों पर 16 मई तक कर सकते हैं आवेदन
धर्मशाला, 12 मई: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय धर्मशाला छावनी के प्रधानाचार्य सुनील चौहान ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया है कि शैक्षणिक सत्र के लिए कक्षा 11वीं में विज्ञान तथा वाणिज्य संकाय में वर्तमान में रिक्त सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है।
प्रधानाचार्य सुनील चौहान ने बताया वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 11वीं में कुछ सीटें रिक्त रहने के कारण अब पात्र विद्यार्थियों के लिए प्रवेश का अवसर उपलब्ध कराया गया है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार विज्ञान संकाय मेडिकल एवं नाॅन मेडिकल में कुल 14 सीटें उपलब्ध हैं जबकि वाणिज्य संकाय में 13 सीटें रिक्त हैं। इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक इन सीटों पर प्रवेश प्राप्त करने के लिए विद्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 16 मई 2026 तक कर दिया गया है। पंजीकरण प्रक्रिया विद्यालय के प्रधानाचार्य कार्यालय में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक पूरी की जा सकेगी।
==============================================
बासा, मझोठी और नौण वार्डों के सभी नामांकन सही पाए गए
गोहर (मंडी), 12 मई। उपमंडल गोहर के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्ड 10-बासा, 11-मझोठी और 14-नौण के लिए उम्मीदवारों द्वारा दाखिल सभी नामांकन पत्र जांच के दौरान सही पाए गए हैं। यह जानकारी सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम गोहर देवी राम ने दी।
उन्होंने बताया कि वार्ड 10-बासा से बिमला देवी और पदमा देवी के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।
इसी प्रकार वार्ड 11-मझोठी से तारा चंद, महेन्द्र कुमार, इन्द्र देव, लीला देवी, तेज सिंह और महेन्द्र कुमार के नामांकन वैध पाए गए हैं।
वहीं वार्ड 14-नौण से टिकम सिंह, नरोत्तम सिंह, चिंत राम, सत्य प्रकाश, शशी कांत, बहादुर सिंह, प्रेम सिंह और शिव लाल द्वारा दाखिल नामांकन पत्र भी सही पाए गए हैं।
=============================================
महादेव, कोट, गोड़ागागल, बेहल और लोअर रिवालसर वार्डों के सभी नामांकन सही पाए गए
बल्ह, 12 मई। उपमंडल बल्ह के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्ड 22-महादेव, 23-कोट (बल्ह), 24-गोड़ागागल, 25-बेहल और 26-लोअर रिवालसर के लिए प्राप्त सभी नामांकन पत्र जांच के दौरान सही पाए गए हैं। यह जानकारी सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने दी।
उन्होंने बताया कि वार्ड 22-महादेव से किरना कुमारी, यशोदा देवी, मुस्कान और रमा चौहान ने नामांकन दाखिल किए थे। वार्ड 23-कोट (बल्ह) से रविन्द्र कुमार, राकेश ठाकुर, प्रेम सिंह जंग बहादुर, मुमताज अहमद मांडा, मनोज कुमार, पिंकु और रमेश के नामांकन पत्र सही पाए गए।
इसी प्रकार वार्ड 24-गोड़ागागल से अनिल कुमार, पंकज शर्मा, नितिन ठाकुर, वीरेन्द्र सिंह, जीवन राम, कुलदीप नेगी, जितेन्द्र सिंह और शंकुतला देवी के नामांकन वैध पाए गए हैं।
वार्ड 25-बेहल से संजय कुमार, दिलीप सिंह, कुलदीप गुलेरिया, सीता राम, वीरेन्द्र कुमार, नानक चंद, सुरेन्द्र कुमार, विनय गुलेरिया, नरेन्द्र सिंह, राकेश कुमार, विजय कुमार, संजय कुमार सुरेहली, गोपाल सिंह, जय सुख लाल, देवेन्द्र सिंह, विश्व वंधु, दिव्यांशु कश्यप, नरेन्द्र कुमार और दिनेश कुमार के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त वार्ड 26-लोअर रिवालसर से रोशन लाल, दुष्यंत कुमार, पवन कुमार, टेक सिंह और राकेश कुमार द्वारा दाखिल नामांकन पत्र भी जांच में सही पाए गए हैं।
==================================================
एचपीयू क्षेत्रीय केन्द्र धर्मशाला में में विशेष व्याख्यान का आयोजन
सहायक आचार्य डाॅ. कमल सिंह ने महिला रोजगार एवं वित्त आयोग पर दिया व्याख्यान
धर्मशाला, 12 मई: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आज क्षेत्रीय केंद्र के सभागार में एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहायक आचार्य, अर्थशास्त्र विभाग, हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय (देहरा कैंपस) डाॅ. कमल सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भारत में महिला रोजगारः पीएलएफएस (2017-2024) से साक्ष्य तथा 16वां वित्त आयोगः प्रमुख मुद्दे, चुनौतियां और 15वें वित्त आयोग से निरंतरताएँ विषयों पर अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए।
अपने व्याख्यान में डाॅ. कमल सिंह ने कहा कि वित्त आयोग भारत का एक संवैधानिक निकाय है, जिसका गठन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 280 के अंतर्गत राष्ट्रपति द्वारा प्रत्येक पाँच वर्ष में किया जाता है। इसका प्रमुख कार्य केंद्र एवं राज्यों के बीच कर राजस्व के वितरण की अनुशंसा करना तथा राजकोषीय संतुलन सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि वित्त आयोग का उद्देश्य देशभर में संसाधनों का संतुलित वितरण सुनिश्चित करना एवं समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।
उन्होंने आगे कहा कि 16वें वित्त आयोग (2026-31) द्वारा राजकोषीय संघवाद में कई महत्वपूर्ण बदलावों की सिफारिश की गई है। इनमें विभिन्न राज्यों को दिए जाने वाले राजस्व घाटा अनुदान को समाप्त करने का प्रस्ताव विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इस निर्णय से विशेषकर उन राज्यों पर वित्तीय दबाव बढ़ने की संभावना है, जिन पर ऋण भार अधिक है और जो संरचनात्मक राजस्व घाटे से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान समाप्त होने से राज्यों पर अपने वित्तीय संसाधनों को बढ़ाने का दबाव लगातार बढ़ेगा।
अपने दूसरे व्याख्यान में डाॅ. कमल सिंह ने महिला रोजगार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की तुलना में पुरुषों में बेरोजगारी का अनुपात कम है। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। यदि इन योजनाओं को स्थानीय, राज्य एवं केंद्रीय स्तर पर कार्यरत सरकारी तथा निजी संस्थाओं के सहयोग से प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, तो महिला रोजगार में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला के निदेशक प्रो. कुलदीप कुमार अत्री, प्रो. डी.पी.वर्मा. प्राचार्य विधि विभाग, डाॅ. किशोर कुमार संयोजक अर्थशात्र विभाग, डाॅ. राम रतन, कंचन बाला और हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डाॅ. संदीप कुमार धीमान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्य वक्ता डाॅ. कमल सिंह को अर्थशास्त्र विभाग की ओर से स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।