सोलन-दिनांक 30.04.2026

पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी

ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विकास खण्ड सोलन, विकास खण्ड कण्डाघाट, विकास खण्ड कुनिहार और विकास खण्ड धर्मपुर में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन के दृष्टिगत निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है।
सभी विकास खण्डों में ज़िला परिषद, पंचायत समिति, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम पंचायत प्रधान, उप प्रधान तथा सदस्यों के लिए नामांकन की तिथि 07, 08 एवं 11 मई, 2026 निर्धारित की गई है। नामांकन प्रातः 11.00 बजे से सांय 03.00 बजे तक किए जा सकेंगे। सभी विकास खण्डों में नामांकन पत्र मिलने एवं नामांकन के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं।
नामांकन पत्रों की छंटनी 12 मई, 2026 को प्रातः 10.00 बजे से की जाएगी। उम्मीदवार अथवा उम्मीदवार द्वारा लिखित रूप से प्राधिकृत प्रतिनिधि द्वारा नामांकन 14 व 15 मई, 2026 को प्रातः 10.00 बजे से सांय 03.00 बजे तक नामांकन वापिस लेने का नोटिस दिया जा सकेगा। नामांकन वापिस लेने के लिए नियत समय के उपरांत चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे तथा उम्मीदवारों की सूची भी प्रदर्शित की जाएगी।
मतदान के लिए 26 मई, 28 मई और 30 मई, 2026 की समय सारिणी निर्धारित की गई है। इस समय सारिणी के अनुरूप मतदान का समय प्रातः 07.00 बजे से सांय 03.00 बजे तक रहेगा।

विस्तृत विकास खण्ड बार समय सारिणी संलग्न है।