चंडीगढ़, 29 अप्रैल। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी चुनावों से पहले जनता के वोट लेने के लिए झूठे वादे करती है और चुनाव जीत जाने के बाद की गई घोषणाओं को पूरी तरह से बंद कर देती है। इसका ताजा उदाहरण सामने आ गया है। बीजेपी ने 2024 के विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले बजट में प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के लिए ‘‘आईटी सक्षम युवा योजना’’ लागू करने की घोषणा की थी। इस योजना के तहत 60 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराना था। 2024 विधानसभा चुनाव के दो महीने पहले कैबिनेट की बैठक में इस योजना को मंजूरी भी दे दी गई थी और इस योजना के लिए 40 करोड़ रुपए का बजट भी निर्धारित कर दिया था। सत्ता हासिल करने के मात्र 21 महीने बाद बीजेपी सरकार ने अब यह योजना बंद कर दी है। प्रदेश के युवाओं का दुर्भाग्य है कि उन्होंने अपने कीमती वोट देकर बीजेपी की सरकार बनवाई। परंतु अब प्रदेश का युवा अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। हरियाणा प्रदेश का युवा पहले से ही बेरोजगारी की मार झेल रहा है। अब इस योजना के बंद किए जाने के बाद भविष्य में रोजगार की संभावना भी पूरी तरह से खत्म हो गई है। रोजगार न मिलने के कारण प्रदेश का युवा नशे की गर्त में जा रहा है। स्थिति और भी भयावह बन रही है जब नशे की लत के कारण युवा अपराध की दुनिया में जा रहे हैं।