जनगणना के दौरान हो डाटा का सही एकत्रीकरण एवं एंट्री : गंधर्वा राठौड़
लोगांे को स्वयं ऑनलाइन एंट्री के लिए भी करें प्रेरित, इससे होगी सुविधा
उपायुक्त ने किया फील्ड ट्रेनरों की तीन दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ
हमीरपुर 27 अप्रैल। जनगणना-2027 के कार्य को सुचारू रूप से पूर्ण करवाने तथा इसमें नियुक्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण हेतु सोमवार को यहां हमीर भवन में फील्ड ट्रेनरों की कार्यशाला आरंभ हुई। इस तीन दिवसीय कार्यशाला के उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए उपायुक्त एवं जिला हमीरपुर की प्रधान जनगणना अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि जनगणना-2027 का कार्य एक बहुत ही महत्वपूर्ण एक्सरसाइज है और इसमें फील्ड स्तर पर सही डाटा एकत्रीकरण एवं एंट्री सबसे जरूरी है। क्योंकि, इसी डाटा के आधार पर ही भविष्य की योजनाएं तैयार की जाती हैं।
उपायुक्त ने बताया कि भारत की यह 16वीं जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी तथा इसके लिए तीन डिजिटल प्रक्रियाएं निर्धारित की गई हैं। लोग स्वयं भी सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल यानि स्व-प्रगणना पोर्टल पर ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे। उन्होंने कहा कि जिला हमीरपुर देश के सबसे साक्षर एवं जागरुक जिलों में से एक है और अगर फील्ड स्तर पर आम लोगों को जनगणना के बारे में जागरुक किया जाए तथा उन्हें स्वयं अपनी जानकारी भरने के लिए प्रेरित किया जाए तो यह कार्य काफी आसान हो सकता है। इसलिए, सभी अधिकारी जन जागरुकता पर विशेष रूप से फोकस करें।
गंधर्वा राठौड़ ने सभी मास्टर ट्रेनरों और फील्ड ट्रेनरों से कहा कि वे इस कार्यशाला के बाद अपने-अपने क्षेत्रों में सुपरवाइजरों और प्रगणकों को प्रशिक्षित करें तथा उनकी हर शंका या समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में सभी मकानों एवं अन्य भवनों की लिस्टिंग की जा रही है और जिला में इसकी प्रगति काफी संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि कई जिलावासियों के मकान या अन्य परिसंपत्तियां एक से अधिक स्थानों पर हैं। इनकी गणना में विशेष सावधानी बरती जानी चाहिए, एक व्यक्ति की गणना एक ही स्थान पर होनी चाहिए, ताकि जनसंख्या का सही आंकड़ा सामने आ सके।
कार्यशाला के पहले दिन मास्टर ट्रेनर एवं बमसन की खंड विकास अधिकारी वैशाली शर्मा और दूसरे मास्टर ट्रेनर रमेश कुमार ने जनगणना से संबंधित अधिनियम एवं नियमों तथा फील्ड ट्रेनरों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
=======================================
जिला हमीरपुर की सभी ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियां प्रकाशित
हमीरपुर 27 अप्रैल। जिला की सभी ग्राम पंचायतों की संशोधित मतदाता सूचियां अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी गई हैं। ये संशोधित मतदाता सूचियां एक अप्रैल 2026 की अर्हक तिथि के आधार पर तैयार की गई हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि विभाजन एवं पुनर्गठन से प्रभावित जिला की 33 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियां के अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई थी। अब इन पंचायतों की संशोधित मतदाता सूचियों को भी अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिला की सभी ग्राम पंचायतों की संशोधित मतदाता सूचियों में अगर किन्हीं कारणों से किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया है तो वह अपना नाम इनमें शामिल करवाने के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी होने की तिथि तक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र पर दो रुपये की फीस के साथ आवेदन कर सकता है।
======================================
प्रदेश के सबसे बड़े बस स्टैंड में होगा आधुनिक और पहाड़ी वास्तुकला शानदार मेल
हमीरपुर । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह जिले के मुख्यालय हमीरपुर में बन रहे हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े बस स्टैंड में अत्याधुनिक वास्तुकला और पारंपरिक पहाड़ी वास्तु शैली का एक शानदार समावेश देखने को मिलेगा।
सोमवार को सोशल मीडिया में वायरल हुए इस बस स्टैंड के प्रस्तावित मॉडल के फोटो को देखकर सभी लोग इसकी काफी तारीफ कर रहे हैं। इस मॉडल में आधुनिक वास्तुकला और उस पर पारंपरिक पहाड़ी वास्तु शैली की एक शानदार झलक दिखाई गई है। इसकी पहाड़ी शैली की ढलानदार छत काफी सुंदर लग रही है। सोशल मीडिया में इन फोटो को खूब शेयर किया जा रहा है।
लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह आधुनिक अंतर्राज्यीय बस अड्डा, हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा होगा। हिमाचल प्रदेश के मध्य में स्थित हमीरपुर शहर में पिछले दो दशकों से एक नए एवं बड़े अंतर्राज्यीय बस अड्डे की जरुरत महसूस हो रही थी, लेकिन किन्हीं कारणों से यहां नए बस अड्डे का कार्य आरंभ नहीं हो पा रहा था।
लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व जब हमीरपुर में नए अंतर्राज्यीय बस अड्डे का निर्माण कार्य आरंभ हुआ तो जिलावासियों की एक बहुत बड़ी मांग पूरी होती नजर आई। आज इस बस अड्डे का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और इस पर लगभग 125 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने इसी वर्ष इसका लोकार्पण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस बहुमंजिला बस स्टैंड में बसों और अन्य वाहनों के लिए पार्किंग के अलावा कई सरकारी और अर्द्ध सरकारी कार्यालयों के संचालन के लिए भी बेहतरीन व्यवस्था रहेगी। निर्माण कार्य पूरा होेने के बाद इस भवन में कुछ विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के कार्यालयों को भी शिफ्ट करने का प्रस्ताव है।
=================================================
हीरानगर और आस-पास के क्षेत्रों में 28 को बंद रहेगी बिजली
हमीरपुर 27 अप्रैल। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के अंतर्गत हीरानगर और इसके साथ लगते क्षेत्रों में 28 अप्रैल को लाइनों के आस-पास पेड़ों की काट-छांट के कार्य के चलते इन क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक बिजली पूर्ण रूप से बाधित रहेगी। सहायक अभियंता सौरभ राय ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।