परिधि गृह परिसर चंबा में 22 से 24 अप्रैल तक लगेगा मोबाइल पासपोर्ट कैंप - अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा
चंबा 16 अप्रैल 2026,जिला मुख्यालय चंबा के परिधि गृह परिसर में 22 से 24 अप्रैल तक एक मोबाइल पासपोर्ट कैंप का आयोजन किया जाएगा। मोबाइल पासपोर्ट वैन के माध्यम से आयोजित किया जा रहे इस तीन दिवसीय मोबाइल पासपोर्ट कैंप में जिला वासियों को पासपोर्ट संबंधी विभिन्न सुविधाएं प्राप्त होगी। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने आज यहां दी। अमित मेहरा ने बताया कि जिला प्रशासन चंबा द्वारा इस तीन दिवसीय शिवर के आयोजन के संबंध में मोबाइल पासपोर्ट वैन के लिए स्थान के अतिरिक्त पेयजल तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी सभी बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है।
===========================
स्मार्ट मीटर स्थापित करने में सहयोग करें सभी उपभोक्ता: सहायक अभियंता तेजू राम
चम्बा, 16 अप्रैल -हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के मुख्य अभियंता (ऑपरेशन) द्वारा जारी निर्देशों एवं विद्युत अधिनियम-2003 के प्रावधानों के अनुसार सभी उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाने एवं पुराने मीटरों के प्रतिस्थापन का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है इस संबंध में सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल चंबा नं-1, तेजू राम ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्य उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी एवं आधुनिक विद्युत सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली से बिजली खपत की सटीक जानकारी, बिलिंग में पारदर्शिता तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि विद्युत अधिनियम-2003 के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अधिकृत अधिकारियों को निरीक्षण परीक्षण एवं मीटर प्रतिस्थापन के लिए उपभोक्ता परिसर में प्रवेश करने का वैधानिक अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। यदि कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने में बाधा उत्पन्न करता है या अधिकृत अधिकारियों को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं देता है, तो अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार 24 घंटे का नोटिस देने के उपरांत उसकी विद्युत आपूर्ति विच्छेदित की जा सकती है।
अतः सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे अनावश्यक असुविधा से बचने हेतु स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य में सहयोग करें।
===========================
सिक्योरिटी गार्ड्स के लिए भूतपूर्व सैनिकों की भर्ती 17 को

हमीरपुर 16 अप्रैल। गुजरात के भरूच जिले में सिक्योरिटी गार्ड्स के 350 पदों पर नियुक्ति के लिए चैकमेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड 17 अप्रैल को सुबह 10 बजे हमीरपुर के सैनिक विश्राम गृह में थल सेना के भूतपूर्व सैनिकों की भर्ती करेगी।
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा ने बताया कि इस भर्ती में 54 वर्ष तक की आयु के दसवीं पास भूतपूर्व सैनिक भाग ले सकते हैं। चयनित भूतपूर्व सैनिकों को रहने की निशुल्क सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। हर महीने खाने के 2800 रुपये और पीएफ की 3200 रुपये की कटौती के बाद उन्हें 25,800 रुपये मासिक वेतन और अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
भर्ती के इच्छुक भूतपूर्व सैनिक अपने साथ डिस्चार्ज बुक, पीपीओ, एक्स सर्विस मैन का पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसपी कार्यालय द्वारा जारी पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट, बैंक पासबुक या कैंसल्ड चौक, दसवीं कक्षा की अंक तालिका और 8 पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लाएं। उपनिदेशक ने बताया कि उम्मीदवारों की मेडिकल केटिगरी शेप-1, लंबाई 5 फुट 6 इंच होनी चाहिए।
अधिक जानकारी के लिए कैप्टन जगरूप सिंह के मोबाइल नंबर 70181-06943 पर या जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222334 पर संपर्क किया जा सकता है।
---------
भोरंज में फील्ड ऑफिसर के साक्षात्कार 18 को

हमीरपुर 16 अप्रैल। जाहू क्षेत्र की कंपनी हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक प्राइवेट लिमिटेड सुलगवान में फील्ड ऑफिसरों के 22 पद भरे जा रहे हैं। इन पदों के लिए 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय भोरंज में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि कॉमर्स में बारहवीं पास 18 से 35 वर्ष तक की आयु के उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 12,500 रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
--------
हमीरपुर में ऑपरेटर्स और अप्रेंटिस के साक्षात्कार 18 को

हमीरपुर 16 अप्रैल। नाहन के निकटवर्ती औद्योगिक क्षेत्र काला अंब की प्रसिद्ध कंपनी ब्ल्यू स्टार लिमिटेड में ऑपरेटर्स और अप्रेंटिस के 100 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 18 अप्रैल को जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए बारहवीं पास, इलेक्ट्रिकल, फिटर, वैल्डर, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडिशनर, मशीनिस्ट, प्लंबर, टर्नर, पंप ऑपरेटर और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में आईटीआई डिप्लोमाधारक 18 से 25 वर्ष तक के युवा पात्र हैं। चयनित युवाओं को 16,000 रुपये से 20,800 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।।
=========================================
सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं स्मार्ट मीटर, अन्य उपभोक्ता भी करें सहयोग

हमीरपुर 16 अप्रैल। विद्युत उपमंडल लंबलू के सहायक अभियंता ज्ञान चंद भाटिया ने बताया कि उपमंडल के अंतर्गत आने वाले लंबलू, ताल, टिक्कर और बोहनी अनुभागों में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि ताल, टिक्कर और बोहनी अनुभागों में सभी व्यावसायिक विद्युत कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसी प्रकार, लंबलू अनुभाग में भी लगभग 95 प्रतिशत व्यावसायिक उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवा चुके हैं।
सहायक अभियंता ने बताया कि ये सभी स्मार्ट मीटर सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं और किसी भी उपभोक्ता की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने बताया कि उपमंडल के अन्य उपभोक्ताओं के मीटर भी बदलने की प्रक्रिया जारी है। इसलिए, सभी उपभोक्ता सहयोग करें और अपने-अपने घरों में स्मार्ट मीटर अवश्य लगवाएं।
सहायक अभियंता ने बताया कि अगर कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग नहीं करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
=======================================
विद्युत उपमंडल-1 में सभी व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने लगवाए स्मार्ट मीटर
हमीरपुर 16 अप्रैल। विद्युत उपमंडल-1 हमीरपुर के सहायक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि उपमंडल के अंतर्गत आने वाले झनियारी, मसियाणा, अमरोह, कुठेड़ा, धनेड़ और नाल्टी अनुभाग में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है। इन अनुभागों में सभी एनडीएनसी एवं व्यावसायिक विद्युत कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसी प्रकार, अन्य अनुभागों में भी इन श्रेणियों के लगभग 95 प्रतिशत उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवा चुके हैं।
सहायक अभियंता ने बताया कि ये सभी स्मार्ट मीटर सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं और किसी भी उपभोक्ता की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने बताया कि उपमंडल के अन्य उपभोक्ताओं के मीटर भी बदलने की प्रक्रिया जारी है। इसलिए, सभी उपभोक्ता सहयोग करें और अपने-अपने घरों में स्मार्ट मीटर अवश्य लगवाएं।
सहायक अभियंता ने बताया कि अगर कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग नहीं करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

=============================
सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के 120 पदों के लिए साक्षात्कार 20 अप्रैल से

मंडी, 16 अप्रैल। एस.आई.एस. इंडिया लिमिटेड आर.टी.ए. हमीरपुर (बणी) द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के 120 पद अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों को भरने के लिए साक्षात्कार 20 अप्रैल से आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी मंडी अरविंद सिंह चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि उप रोजगार कार्यालय सरकाघाट में 20 अप्रैल, उप रोजगार कार्यालय नेरचौक (बल्ह) में 21 अप्रैल, उप रोजगार कार्यालय गोहर में 22 अप्रैल तथा उप रोजगार कार्यालय करसोग में 28 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में दसवीं पास अथवा फेल पात्र पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थी की आयु 19 से 40 वर्ष, लम्बाई 168 सेंटीमीटर या अधिक तथा वजन 55 से 95 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को 8 घंटे की ड्यूटी के लिए लगभग 17,500 रुपये तथा 12 घंटे की ड्यूटी के लिए लगभग 23,500 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त ईपीएफ, ईएसआई, बीमा, पेंशन तथा मेडिकल सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को जिला बिलासपुर के शाहतलाई में एक माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान होस्टल और मेस सुविधा, दो वर्दियां तथा प्रशिक्षण सुरक्षा किट उपलब्ध करवाई जाएगी। कम्पनी द्वारा 10,850 रुपये (रिफंडेबल) प्रशिक्षण शुल्क निर्धारित किया गया है, जो कंपनी के नियमानुसार जमा करना होगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती होटल, मॉल, कंपनियों तथा औद्योगिक क्षेत्रों में की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थी का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, उनकी दो-दो छायाप्रतियां, एक पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति, रोजगार कार्यालय पंजीकरण पत्र तथा अपना नवीनतम बायोडाटा साथ लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर साक्षात्कार में उपस्थित होना होगा। इस साक्षात्कार हेतु किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।
======================================================
स्मार्ट मीटर स्थापना में सहयोग करें उपभोक्ता, किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं
योजना के तहत स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे


मंडी, 16 अप्रैल। सहायक अभियन्ता, विद्युत उपमंडल-1 मंडी नरेश ठाकुर ने बताया कि भारत सरकार की संशोधित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के अंतर्गत प्रदेश में स्थापित पारंपरिक विद्युत मीटरों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटर से प्रतिस्थापित किया जा रहा है। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं पर किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं डाला जा रहा है। यह कार्य सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्धारित सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत अधिकृत एजेंसी अप्रावा हमीरपुर स्मार्ट मीटर प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से किया जा रहा है।


कुछ स्थानों पर मीटर बदलने में नहीं मिल रहा सहयोग
उन्होंने कहा कि हाल ही में यह संज्ञान में आया है कि कुछ स्थानों पर उपभोक्ताओं द्वारा अधिकृत कर्मचारियों या एजेंसी को परिसर में स्थापित पुराने मीटर को बदलने की अनुमति नहीं दी जा रही है, जिससे विद्युत वितरण लाइसेंसी हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के विधिसम्मत कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (मीटरों की स्थापना एवं संचालन) संशोधन विनियम, 2026 के अनुसार जिन क्षेत्रों में संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां निर्धारित समयावधि में स्मार्ट मीटर उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।

विद्युत अधिनियम में प्रावधान
उन्होंने आगे बताया कि विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 163 (1) के तहत लाइसेंसी अथवा उसके अधिकृत प्रतिनिधि को उचित सूचना देकर किसी भी परिसर में प्रवेश कर मीटर की जांच, मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन करने का अधिकार है। धारा 163 (3) के अनुसार यदि कोई उपभोक्ता अधिकृत अधिकारी को परिसर में प्रवेश या कार्य करने से रोकता है, तो लिखित सूचना देने के 24 घंटे पश्चात विद्युत आपूर्ति को अस्थायी रूप से विच्छेदित किया जा सकता है।

शुल्क दर और अनुदान में कोई बदलाव नहीं
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान उपभोक्ताओं के लिए शुल्क दर तथा अनुदान में कोई परिवर्तन नहीं होगा। मीटर सामान्यतः लाइसेंसी की संपत्ति होते हैं और उनका प्रतिस्थापन एक नियमित तकनीकी प्रक्रिया है। स्मार्ट मीटर प्रणाली से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक पारदर्शी, कुशल तथा विश्वसनीय बनेगी।

उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपेक्षा की है कि वे अधिकृत अधिकारियों तथा एजेंसी को सहयोग प्रदान करें और अपने परिसर में स्मार्ट मीटर स्थापना हेतु अनुमति दें, ताकि कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके। अन्यथा, विद्युत अधिनियम, 2003 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई, जिसमें विद्युत आपूर्ति का विच्छेदन भी शामिल है, की जा सकती है।
==================================================
सोलन दिनांक 16.04.2026

एच.पी.वी. टीकाकरण के सम्बन्ध में वर्चुअल बैठक आयोजित

मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने आज यहां एच.पी.वी. टीकाकरण (हयूमन पैपिलोमा वायरस) के सम्बन्ध में सोलन ज़िला के समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।
डॉ. अजय पाठक ने समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह चिकित्सा अधिकारियों व अन्य फील्ड स्टॉफ के साथ विद्यालयों में जाकर 14 से 15 वर्ष आयुवर्ग की लड़कियों से वार्तालाप करें। उन्होंने कहा कि लड़कियों के अभिभावकों का सम्पर्क सूत्र प्राप्त कर उन्हें भी टीकाकरण के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि लड़कियों व उनके अभिभावकों को एच.पी.वी. टीकाकरण के बारे में जागरूक करना आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि एच.पी.वी. टीकाकरण व इससे सम्बन्धित भ्रांतियों को दूर करने के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ व शिशु रोग विशेषज्ञ द्वारा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करें ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके।
उन्होंने कहा कि एच.पी.वी. टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से रक्षा करता है। यह एक सुरक्षित टीकाकरण है और इसका प्रयोग 150 से अधिक देशों में हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में इस टीकाकरण का प्रयोग लगभग 15 वर्षों से किया जा रहा है।
डॉ. अजय पाठक ने अभिभावकों से आग्रह किया कि अपनी बेटियों का निसंकोच होकर एच.पी.वी. टीकाकरण करवाना सुनिश्चित बनाएं।
वर्चुअल बैठक में खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सिंह, खण्ड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर डॉ. परविंदर सिंह, खण्ड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ. कवि राज, खण्ड चिकित्सा अधिकारी बद्दी डॉ. अनिल अरोड़ा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी चण्डी डॉ. गुरमील सिंह व समस्त ज़िला कार्यक्रम अधिकारियों ने भाग लिया।
==================================================
21 अप्रैल को बिलासपुर में 121 पदों के लिए आयोजित होगा लघु रोजगार मेला
प्रतिष्ठित 6 औद्योगिक इकाइयों में कुशल, अकुशल तथा आई.टी.आई. उम्मीदवारों का होगा चयन

बिलासपुर, 16 अप्रैल: जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश द्वारा 21 अप्रैल, 2026 को लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस लघु रोजगार मेले में प्रतिष्ठित 06 औद्योगिक इकाइयों में लगभग 121 पदों के लिए कुशल, अर्धकुशल तथा आई.टी.आई. प्रशिक्षित उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
इस बारे जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी, बिलासपुर राजेश मेहता ने बताया कि लघु रोजगार मेले में वर्धमान टेक्स्टिल प्राइवेट लिमिटेड बद्दी को ट्रेनी मशीन ऑपरेटर के लिए 8वीं, 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी जिनकी आयु 18 से 30 वर्ष हो। इसी तरह इंस्टा सिक्योर बिजनेस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड जहां सेल्स एग्जीक्यूटिव और सर्वे एग्जीक्यूटिव पदों के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक तथा स्नातकोत्तर पास ऐसे उम्मीदवारों का चयन करेगी जिनकी आयु 45 वर्ष तक हो, तो वहीं हिमटफफ ग्लास इंडस्ट्रीज, ग्वालथाई जिला बिलासपुर सीनियर हेल्पर के पदों के लिए 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी जिनकी आयु 35 वर्ष तक हो।
उन्होंने बताया कि लघु रोजगार मेले में रॉयल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सवाहन, श्री नैना देवी जी को पीजीटी कंप्यूटर विज्ञान, टीजीटी संस्कृत, जेबीटी, एनटीटी, सहायक लाइब्रेरियन के पदों हेतु बीएड और डिप्लोमा पास तथा चपरासी के पद के लिए उम्मीदवारों का चयन करेगी। इसी दौरान एस.आई.एस. सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पदों के लिए 10वीं पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी जिनकी आयु 19 से 40 वर्ष हो तथा ऊंचाई 168 से.मी. से अधिक तथा वजन 54 से 95 किलोग्राम तक हो। रोजगार मेले के दौरान एलेना आॅटो इंडस्ट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड, मोहाली को मशीन ऑपरेटर और मटीरीयल हैंडिलिंग के पदों के लिए 10वीं और आईटीआई पास युवाओं की जरूरत है जिनकी आयु 18 से 45 वर्ष हो।
उन्होंने बिलासपुर जिला के इच्छुक अभ्यर्थियों से अपने मूल प्रमाण पत्रों सहित रोजगार मेले में भाग लेकर लाभ उठाने का आह्वान किया है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के दूरभाष नंबर 01978-222450 पर संपर्क किया जा सकता है।
=========================================
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर में सार्वजनिक नीलामी 27 अप्रैल को
बिलासपुर 16 अप्रैल: भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी), बिलासपुर के प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर में उपलब्ध स्टोर आइटम्स की सार्वजनिक नीलामी 27 अप्रैल, 2026 को प्रातः 10 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें किचन आइटम, स्पोर्ट्स आइटम, सामान्य वस्तुएं तथा अन्य परिसंपत्तियां शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्तियों को 1000 रुपये की धरोहर राशि केंद्र में जमा करवानी होगी जो वापसी योग्य होगी, जबकि नीलामी की पूरी राशि का भुगतान मौके पर ही करना अनिवार्य होगा। उन्होंने सभी इच्छुक बोलीदाताओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नीलामी प्रक्रिया में भाग लें ।
======================================
बगली फीडर में 17 तथा 18 अप्रैल को बिजली बंद
धर्मशाला, 16 अप्रैल: धर्मशाला विद्युत उपमंडल-2 के सहायक अभियन्ता रमेश चंद ने जानकारी दी कि 33 केवी सब-स्टेशन ढगवार में लाइन निर्माण कार्य के चलते 11 केवी बगली फीडर के क्षेत्रों चेतडू, शीला चाॅक, मनेड, मिल्क प्लांट, रुद्रा हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट और आसपास के अन्य क्षेत्रों में 17 अप्रैल और 18 अप्रैल को सुबह 9 बज़े से दोपहर 1 बज़े तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। मौसम खराब होने पर ये कार्य अगले कार्य दिवस पर किया जाएगा। उन्होंने जनता से बिजली विभाग को सहयोग करने की अपील भी की है।