12 अप्रैल को मंडी में एनडीए तथा सीडीएस परीक्षा, 1587 अभ्यर्थी होंगे शामिल
सात परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, निर्धारित समय पर पहुंचना अनिवार्य
मंडी, 8 अप्रैल। जिला मुख्यालय मंडी में 12 अप्रैल (रविवार) को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित एनडीए और एनए (I) तथा सीडीएस (I), 2026 की लिखित परीक्षा सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 1587 अभ्यर्थी भाग लेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं तथा अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि सीडीएस (I), 2026 की परीक्षा दो केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें वल्लभ कॉलेज मंडी (उप केंद्र-001) तथा वल्लभ कॉलेज मंडी (उप केंद्र-002) शामिल हैं। यह परीक्षा तीन सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, दूसरा सत्र दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक तथा तीसरा सत्र सायं 4 बजे से 6 बजे तक रहेगा।
इसी प्रकार एनडीए और एनए (I), 2026 की परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (गर्ल्स) मंडी (उप केंद्र-003), राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडी (उप केंद्र-004), इंडस ग्लोबल स्कूल गागल रोड (उप केंद्र-005), द फीनिक्स स्कूल बैहना (उप केंद्र-006) तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बॉयज) भंगरोटू (उप केंद्र-007) शामिल हैं। यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक रहेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे परीक्षा आरम्भ होने से पर्याप्त समय पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें तथा अपने साथ ई-एडमिट कार्ड अवश्य लाएं। बिना ई-एडमिट कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
===================================================
डी जिला में पशुओं के लिए मुंह-खुर रोग टीकाकरण अभियान शुरू, 16 मई तक चरणबद्ध होगा संचालित
मंडी, 8 अप्रैल। मण्डी जिले में पशुधन को घातक बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण अभियान का शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत मुख्य रूप से गायों और भैंसों को मुंह-खुर रोग से सुरक्षित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. मुकेश महाजन के अनुसार यह टीकाकरण कार्यक्रम 16 मई, 2026 तक पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर पशुओं को नि:शुल्क टीका लगाएंगे। उन्होंने बताया कि सुव्यवस्थित डेटा प्रबंधन के लिए सभी पशुओं का पंजीकरण ऑनलाइन पोर्टल 'भारत पशुधन' पर अनिवार्य रूप से किया जा रहा है।
*सावधानियां और लक्षण
उन्होंने बताया कि पशुपालक विभिन्न लक्षणों से बीमारी की पहचान कर सकते हैं। यदि पशु को तेज बुखार है, मुंह से अत्यधिक लार गिर रही है या जीभ और खुरों में घाव दिख रहे हैं, तो यह इस बीमारी के लक्षण हो सकते हैं।
विभाग ने परामर्श दिया है कि संक्रमण फैलने से रोकने के लिए बीमार पशु को स्वस्थ पशुओं से तुरंत अलग करें। नया पशु खरीदने के उपरांत उसकी पूर्ण जांच करवाएं और कुछ दिन अलग रखने के बाद ही उसे अपने झुंड में शामिल करें। पशुशाला की स्वच्छता व कीटाणुनाशक के छिड़काव का विशेष ध्यान रखें।
*विशेष आग्रह
डॉ. मुकेश महाजन ने पशुपालकों से विशेष अनुरोध किया है कि वे टीकाकरण और डेटा प्रबंधन की प्रक्रिया के दौरान अपेक्षित जानकारी साझा कर विभागीय अधिकारियों की आगे बढ़कर मदद करें। उन्होंने अपील की कि सभी पशुपालक आर्थिक नुकसान से बचने के लिए विभागीय टीम का पूर्ण सहयोग करें और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करें।