CHANDIGARH, 01.04.26-चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-26 के प्रधान श्री कृष्ण लाल तथा पूर्व मेयर श्रीमती कमलेश बनारसीदास ने आज पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया से चंडीगढ़ सचिवालय में मुलाकात की।
उन्होंने प्रशासक को बताया कि बापूधाम और राम दरबार क्षेत्र में पुलिस की मिलीभगत से खुलेआम नशा बेचा जा रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। प्रतिदिन लड़ाई-झगड़े और चोरी की घटनाएँ हो रही हैं। कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज़ शेष नहीं रह गई है तथा अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं है।
इसके साथ ही दोनों नेताओं ने चंडीगढ़ में वेंडरों को आ रही समस्याओं से भी प्रशासक को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिन वेंडरों का सर्वे किया गया था और जो नियमित रूप से नगर निगम को प्रत्येक माह लाइसेंस शुल्क जमा करवा रहे हैं, उन्हें जो वेंडर ज़ोन बनाकर दिया गया है, वह उनके कार्यस्थल से बहुत दूर स्थित है। वहाँ आबादी न के बराबर है, जिसके कारण उनका कामकाज नहीं चल पा रहा है। परिणामस्वरूप उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है।
इसके अतिरिक्त कई बुजुर्ग वेंडर ऐसे हैं जो अपनी रेहड़ी-फड़ी का सामान लेकर इतनी दूर वेंडर ज़ोन तक नहीं जा सकते। साथ ही बनाए गए वेंडर ज़ोन में उनके रात में ठहरने के लिए भी नगर निगम और प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं है। इसलिए उन्होंने मांग की कि प्रत्येक सेक्टर में वहीं वेंडर ज़ोन बनाए जाएँ, जहाँ वेंडरों का सर्वे हुआ था।
इसके अलावा सेक्टर-26 स्थित ग्रेन मार्केट में कई वेंडर ऐसे हैं जो कई वर्षों से नियमित रूप से लाइसेंस शुल्क जमा करवा रहे हैं। उनका सर्वे भी ग्रेन मार्केट में ही हुआ था, इसके बावजूद उन्हें वहाँ बैठने नहीं दिया जा रहा। वे आज भी नियमित रूप से लाइसेंस शुल्क जमा करवा रहे हैं। अतः उन्हें ग्रेन मार्केट में ही वेंडर ज़ोन बनाकर दिया जाए।
दोनों नेताओं ने प्रशासक से बापूधाम और राम दरबार में समाधान शिविर लगाने का आग्रह भी किया, जिस पर प्रशासक ने अगले समाधान शिविर इन्हीं क्षेत्रों में लगाने का आश्वासन दिया।
श्री गुलाब चंद कटारिया ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया। अंत में दोनों नेताओं ने श्री गुलाब चंद कटारिया जी का धन्यवाद किया।