चंडीगढ़, 29 मार्च। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने सामाजिक संदेश देते हुए कहा है कि आज हमारे समाज की एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़नी चाहिए और समाज की भलाई के लिए यूथ महाराजा सूरजमल के जीवन से प्रेरणा लें। रविवार को दिग्विजय उत्तर प्रदेश के मेरठ में अंतरराष्ट्रीय जाट संसद द्वारा आयोजित महाराज सूरजमल की विशाल प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हमारा पहला कर्तव्य बनता है कि हमें आने वाली पीढ़ी को शिक्षा की ओर अग्रसर करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने का हमें संकल्प लेकर काम करना होगा। दिग्विजय ने कहा कि हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, यूपी में हमारे समाज से जुड़े बहुत सारे अधिकारी हैं जो युवाओं और जरूरतमंदों की सहायता कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि समाज की भलाई उसी में होती है कि जिसमें समाज के लोग अपने लोगों की आवाज जरूर सुने।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि समाज में अनुशासन और राजनीति के दम पर ही समाज की चौधर दिल्ली में संभव हो सकती है। उन्होंने कहा कि राजनीति में समाज को साथ लेकर दीनबंधु सर छोटूराम, चौधरी चरण सिंह, जननायक चौधरी देवीलाल मजबूती से आगे बढ़े इसलिए हम सबको भी मिलकर एक-दूसरे को आगे बढ़ाना चाहिए। दिग्विजय ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि देशभर में हमारे समाज के लोग रहते है, उन्हें हर जगह इस तरह का बड़ा मंच देने की आवश्यकता है। उन्होंने ये भी कहा कि हमारा पहला धर्म किसानी है और ये हमे कभी नहीं भूलना चाहिए।