चण्डीगढ़, 31.03.26- : भगवान महावीर स्वामी जी के पावन जन्म कल्याणक महा महोत्सव महावीर जयंती आज अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
आज के कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः श्री श्वेताम्बर जैन मंदिर, सेक्टर 28 में पंजाब के राज्यपाल एवं चण्डीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया द्वारा भगवान के दर्शन से हुआ। इसके पश्चात भगवान को रथ में विराजमान कर प्रशासक द्वारा शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
लगभग 200 श्रद्धालुओं के साथ निकली इस शोभा यात्रा में बैंड बाजों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भक्तिभाव से नृत्य करते हुए आगे बढ़े। यह शोभा यात्रा श्री दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर 27 पहुंची, जहां धर्म सभा की गई व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में गुलाब चंद कटारिया ने भगवान महावीर स्वामी जी के उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके 2025 वर्षों पश्चात भी लोग उनके व्यक्तित्व को नहीं, बल्कि उनकी विचारधारा को अपना रहे हैं, जो अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में एकमात्र समाधान हैं, जिन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। राज्यपाल को शास्त्र भेंट करके सम्मानित क्या गया। मंच सञ्चालन श्री संत कुमार जैन ने किया।
कार्यक्रम में अन्य गणमान्य अतिथियों में पवन बंसल, सतपाल जैन, दविंदर बबला, ललित जैन (आईएएस), गौरव जैन (आईआरएस) एवं संजीव जैन(आईपीएस) विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने भगवान महावीर की शिक्षाओं पर अपने विचार रखे। श्वेताम्बर जैन समाज की और से प्रदीप जैन, जैन स्थानक से मुकेश जैन व् अणुव्रत भवन से मनोज जैन ने अपने विचार रखे।
श्री दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर 27 में भगवान महावीर को अपने रथ में विराजमान कर शोभा यात्रा जैन स्थानक, सेक्टर 18 के लिए प्रस्थान की। इस दौरान राज्यपाल, विभिन्न गणमान्य अतिथि, रथ पर विराजमान भगवान, एवं हजारों श्रद्धालुओं के साथ स्थानक तक पैदल चले। मार्ग में हरीश जैन, नरेश जैन, गुरुद्वारा साहिब, सेक्टर 19 एवं अराइज डेंटल क्लिनिक, सेक्टर 18, राजीव गोयल द्वारा राज्यपाल को तिलक लगाके एवं माला पहना कर सम्मानित किया गया।