किसान-कमेरे की आवाज बुलंद करने के लिए क्षेत्रीय दलों के लामबंद होने की जरूरत – डॉ अजय सिंह चौटाला
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव बोले, भाजपा को हराने के लिए उत्तर भारत के क्षेत्रीय दलों को मिलकर संघर्ष करना होगा
पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री ढिंढसा ने कहा- चौ. देवीलाल की सोच पर चल रही है जेजेपी
चंडीगढ़, 13 मार्च। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि देश और प्रदेश के मौजूदा हालात बदलाव की मांग कर रहे है। आज लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं और विपक्ष को संसद में बोलने का मौका तक नहीं दिया जा रहा। किसान-कमेरे की आवाज को बुलंद करना होगा और बुलंद करने के लिए हम सब क्षेत्रीय दलों को एकजुट होना होगा। डॉ. चौटाला शुक्रवार को हांसी की नई अनाज मंडी में उनके जन्मदिवस पर आयोजित रैली में उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. चौटाला ने कहा कि लोकसभा के स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने और मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने से यह स्पष्ट है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर संदेह पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में भले ही भाजपा की सरकार लगातार तीसरी बार आई हो, लेकिन असल में देश की व्यवस्था कुछ बड़े उद्योगपतियों के प्रभाव में चल रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने देश के पोर्ट, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक संसाधनों को बेचने का काम किया गया है, जबकि सरकार बड़े-बड़े ऐलान कर राजनीतिक लाभ लेने में लगी हुई है।
जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी देश-प्रदेश में हालात बिगड़े है, युवाओं की अगुवाई में आम जनता ने बदलाव का रास्ता चुना है। उन्होंने आपातकाल के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी जनता ने बड़ा परिवर्तन कर कांग्रेस को धूल चटाकर जनता पार्टी की सरकार बनाई थी। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में भी जनता बदलाव के लिए सड़कों पर उतरी है और सरकारें बदली हैं। ऐसे में भारत में भी जनता को संगठित होकर बदलाव के लिए आगे आना होगा। डॉ. चौटाला ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन की लड़ाई के लिए जुट जाएं।
आजमगढ़ से सांसद एवं वरिष्ठ सपा नेता धर्मेंद्र यादव ने अजय चौटाला को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का संदेश सांझा किया। सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने हरियाणा की जनता के नाम एक संदेश भेजकर कहा है कि हरियाणा की जनता को याद दिलाया जाए कि चौधरी देवीलाल और मुलायम सिंह ने मिलकर देश के किसानों की लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता को परेशान करने वाली नीतियां अपनाई है। धर्मेंद्र यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा ने यूपी में भाजपा को हराकर दिखाया और हरियाणा में भी जनता को इसी तरह जवाब देना चाहिए। उन्होंने दुष्यंत चौटाला से कहा कि चुनावी हार से घबराने की जरूरत नहीं है, जनता फिर से भरोसा जताएगी और उन्हें दोबारा सम्मान के साथ आगे बढ़ाएगी। जेजेपी द्वारा सपा सांसद को बैलगाड़ी का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जबकि अखिलेश यादव के लिए चौधरी देवीलाल और मुलायम सिंह यादव की हाथ से बनी पेंटिंग भी भेंट की।
पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढिंढसा ने कहा कि उमड़ी भारी भीड़ यह जता रही है कि हरियाणा की जनता जेजेपी को कितना प्यार करती है। उन्होंने कहा कि अजय सिंह एवं दुष्यंत चौटाला चौधरी देवीलाल की सोच पर चल रहे है। ढिंढसा ने कहा कि दुष्यंत चौटाला के उपमुख्यमंत्री रहते हुए किए गए कामों की तारीफ की और कहा कि आने वाले समय में दुष्यंत-दिग्विजय के साथ प्रदेश के लाखों युवा जुड़ेंगे और प्रदेश में जेजेपी सरकार बनाएगी। पंजाब के पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह छोटेपुर ने भी चौधरी देवीलाल द्वारा किए गए जनहितैषी कार्यों को याद किया और कहा कि अजय सिंह चौटाला हमेशा किसान, गरीब एवं मजदूर की आवाज उठाते है और बेहद संघर्षशील नेता हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता से आह्वान किया कि एक मौका जननायक जनता पार्टी को दें।
मुजफ्फरनगर से सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि आजादी के बाद से किसानों को मजबूत करने की बजाय उन्हें जाति और धर्म के नाम पर बांटने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को कमजोर करने में राष्ट्रीय दलों ने भी कोई कमी नहीं छोड़ी। मलिक ने कहा कि जेजेपी ने किसानों और आम लोगों के हक की लड़ाई जारी रखी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में जेजेपी फिर प्रदेश का नेतृत्व करेगी और किसानों की आवाज को मजबूती देगी।
=============================================
विश्वगुरु बताने वाली सरकार बनी ट्रंप की कठपुतली – दुष्यंत चौटाला
डॉ. चौटाला का राजनीतिक बनवास खत्म, नए जोश से आगे बढ़ेंगे – पूर्व डिप्टी सीएम
भाजपा सरकार युवा विरोधी, प्रदेश के सुनहरे भविष्य के लिए जेजेपी से जुड़े - दिग्विजय चौटाला
चंडीगढ़, 13 मार्च। भारतीय जनता पार्टी की सरकार एक तरफ तो देश के मुखिया को विश्वगुरू कह रही है, वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कठपुतली बने हुए है। भारत में ऊर्जा जरूरतों के लिए अमेरिका फैसला ले रहा है। बाहरी दखलअंदाजी के कारण ही आज देश में गैस एवं तेल के लिए संकट बना हुआ है। यह बात हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कही। वे शुक्रवार को हांसी की नई अनाज मंडी में उमड़े जनसैलाब को संबोधित कर रहे थे। भारी भीड़ से गदगद पूर्व डिप्टी सीएम ने भाजपा को चारों तरफ से घेरते हुए उनके खिलाफ कड़ा हमला बोला। पूर्व डिप्टी सीएम ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण देश एवं प्रदेश में गैस और तेल की किल्लत हो गई है और इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला का राजनीतिक बनवास अब समाप्त हो चुका है और अब जेजेपी के कार्यकर्ता नए जोश एवं उमंग के साथ आगे बढ़ेंगे और प्रदेश में जेजेपी की सरकार लाएंगे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने हमेशा ही किसान-कमेरे की लड़ाई लड़ी है और जेजेपी उन्हीं के नक्शे कदम पर चल रही है। उन्होंने कहा कि जब जेजेपी सरकार में भागीदार थी तब किसानों की फसलों का उठान दो दिन में कराकर भुगतान सीधे खातों में करवाने जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई थी, लेकिन अब किसान फसल बेचने के लिए दर-दर की ठोकरे खा रहें है। उन्होंने कहा कि जेजेपी के राज में बुजुर्गों की पेंशन एक हजार रुपए तक बढ़ा दी थी, लेकिन अब भाजपा सरकार उसी पेंशन को काटने पर तुली हुई है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हांसी के 23वें जिले के रूप में गठन पर उन्हें खुशी है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भिवानी लोकसभा क्षेत्र में हांसी हलका आता था और हांसी ने भिवानी लोकसभा के चुनाव में डॉ अजय सिंह चौटाला का भरपूर साथ दिया था। इसी तरह जब वे स्वयं 2014 में हिसार लोकसभा से चुनाव लड़ रहे थे, उस समय हांसी हलका हिसार लोकसभा में आता था और तब उन्हें हांसी की जनता ने खूब प्यार दिया था। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि जेजेपी के चुनाव चिन्ह चाबी का दौर कभी खत्म नहीं होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर पार्टी का प्रचार-प्रसार करें।
जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि भाजपा जात-पात, धर्म-मजहब के नाम पर आपसी भाईचारे को खराब करती है। उन्होंने कहा कि जनता को भाजपा की विभाजनकारी नीतियों को समझना होगा और उसका करारा जवाब जवाब देना होगा। बृज शर्मा ने कहा कि अजय चौटाला जननायक चौधरी देवीलाल और ओमप्रकाश चौटाला से राजनीतिक शिक्षा लेकर निरंतर जनसेवा में जुटे हुए है और जनता को उनका साथ देना चाहिए। जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला भारी भीड़ से गदगद नजर आए और उन्होंने भाजपा एवं कांग्रेस को पानी पी-पी कर कई बार कोसा। उन्होंने भाजपा को युवा विरोधी सरकार बताते हुए इससे सावधान एवं सचेत रहने की अपील की और कहा कि जननायक जनता पार्टी के साथ जुड़कर अपने प्रदेश के सुनहरे भविष्य का निर्माण करें। इस अवसर पर जेजेपी राजस्थान अध्यक्ष पृथ्वी सिंह मिल, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष दिनेश डागर, पंजाब प्रदेश अध्यक्ष संदीप न्योल, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, मोहसीन चौधरी, पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, पूर्व विधायक रमेश खटक, बहन फूलवती, किरण पूनिया, रजनी मलिक, नरेश द्वारका, रोशन ढांडा, सुरेंद्र भागीराम, धर्मपाल प्रजापत, राजेश सैनी, दीपक मलिक, हांसी जिलाध्यक्ष अमित बूरा, हिसार जिलाध्यक्ष अनिल बालकिया सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।