सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान 29 मार्च से
पहले चरण में जिला हमीरपुर की 4338 लड़कियों को लगाए जाएंगे टीके
डीसी गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों के साथ बैठक करके की तैयारियों की समीक्षा

हमीरपुर 05 मार्च। सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) से बचाव के लिए जिला हमीरपुर में भी एचपीवी टीकाकरण अभियान आरंभ किया जाएगा, जिसके पहले चरण में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लगभग 4338 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का एक-एक टीका लगाया जाएगा। इस अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण के दौरान जिला हमीरपुर में लगभग 4338 लड़कियों के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में ये टीके 29 मार्च, 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को सुबह 10 से दोपहर बाद 3 बजे तक लगाए जाएंगे। छूटी लड़कियों के लिए 19 अप्रैल, 10 मई, 24 मई और 21 जून को भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि इस आयु वर्ग की लड़कियां टीकाकरण के दिन अपने अभिभावकों को साथ लाएं और घर से खाना खाकर ही टीका लगवाने आएं। उनके पास आधार कार्ड या पहचान का अन्य प्रमाण तथा ओटीपी के लिए मोबाइल फोन भी होना चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि अन्य आम वैक्सीनों की तरह ही इस टीके को लगाने के बाद कुछ लड़कियांे को थोड़ी देर के लिए मामूली दिक्कत होगी तो उसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले से ही तैयारी रखी है तथा टीका लगाने के बाद प्रत्येक लड़की को कुछ मिनटों के लिए स्वास्थ्य केंद्र में रोका जा सकता है।
गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि महिलाओं में बार-बार इनफेक्शन के कारण सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। सर्वाइकल कैंसर की शिकार लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका कारण लंबे समय तक इनफेक्शन होना ही है। एक अध्ययन के अनुसार एक लाख महिलाओं में लगभग 14 महिलाएं इससे ग्रस्त पाई जाती हैं। महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर सबसे ज्यादा पाया गया है। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं को इस कैंसर से बचाया जा सकता है।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 29 मार्च से आरंभ होने जा रहे टीकाकरण अभियान के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी इस अभियान में सक्रिय योगदान देने के निर्देश दिए, ताकि सभी लड़कियों को ये टीके लगाए जा सकें।
बैठक में सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने टीकाकरण अभियान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

========================================

नगर परिषद नादौन के वार्डों के परिसीमन पर आपत्तियां या सुझाव 10 मार्च तक

हमीरपुर 05 मार्च। नगर परिषद नादौन के सभी नौ वार्डों के परिसीमन का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है और इस प्रारूप के संबंध में 10 मार्च तक आपत्तियां या सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।
प्रारूप के प्रकाशन की अधिसूचना जारी करते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इसकी प्रतियां उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर और नगर परिषद कार्यालय नादौन में उपलब्ध करवा दी गई हैं। अगर किसी स्थानीय निवासी को इस प्रारूप के संबंध में कोई आपत्ति हो या फिर वह अपना सुझाव देना चाहता है तो इन्हें 10 मार्च तक उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर में दाखिल किया जा सकता है।

===========================================

जिला परिषद के 19 वार्डों का परिसीमन अंतिम रूप से प्रकाशित

हमीरपुर 05 मार्च। जिला परिषद हमीरपुर के कुल 19 वार्डों के परिसीमन को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है।
इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला परिषद के वार्डों के परिसीमन के प्रारूप के संबंध में आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि में प्राप्त विभिन्न आपत्तियों एवं सुझावों का निपटारा करने के बाद परिसीमन को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर की कुल 234 ग्राम पंचायतों को जिला परिषद के 19 वार्डों में बांटा गया है, जिनकी कुल जनसंख्या 3,85,158 है। वार्ड नंबर एक से 19 तक के नाम क्रमानुसार इस प्रकार हैं: बीड़ बगेहड़ा, करोट, दरोगण पत्ती कोट, उटपुर, जंगल रोपा, ताल, चमनेड, समीरपुर, धमरोल, जाहू, खरवाड़, करेर, बिझड़ी, झंझयाणी, दांदड़ू, लहड़ा, मालग, अमलैहड़ और सपड़ोह।

================================

बैंक अधिकारियों को दिए अधिक से अधिक ऋण आवंटन के निर्देश
हमीर भवन में आयोजित की गई जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर बैंक अधिकारियों को दिए निर्देश

हमीरपुर 05 मार्च। जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक वीरवार को यहां हमीर भवन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में इस वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही की समाप्ति यानि 31 दिसंबर 2025 तक की उपलब्धियों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बैंक अधिकारियों से कहा कि जिला हमीरपुर के बैंकों के ऋण-जमा अनुपात यानि सीडी रेशो में अभी भी बहुत ज्यादा सुधार की आवश्यकता है। सीडी रेशो में सुधार के लिए सभी बैंकों के अधिकारी आम लोगों को अधिक से अधिक ऋण आवंटन की दिशा में कार्य करें।
उन्होंने कहा कि आम लोगों और विशेषकर छोटे कारोबारियों के ऋण आवंटन के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाना चाहिए। इनमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। महिला स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों के ऋण के मामलों से संबंधित औपचारिकताएं भी अतिशीघ्र पूरी होनी चाहिए, ताकि पात्र एवं जरुरतमंद लोग ऋण एवं सब्सिडी का लाभ उठा सकें। इससे जिला के ऋण-जमा अनुपात में सुधार होगा और बैंकों का कारोबार एवं आम लोगों का वित्तीय समावेशन भी बढ़ेगा।
सांसद ने कहा कि सरकार ने सभी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसलिए, सभी बैंक जिला के छूटे किसानों को प्राथमिकता के आधार पर केसीसी प्रदान करें, ताकि ये किसान भी आसानी से ऋण ले सकें। बैठक में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल और भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ आशीष सांगड़ा ने विभिन्न योजनाओं और रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर के निदेशक अजय कतना और नाबार्ड के डीडीएम नरेश कुमार ने भी अपने-अपने संस्थानों से संबंधित योजनाओं एवं उपलब्धियों का ब्यौरा रखा।
=============================

हमीरपुर में मार्केटिंग फील्ड एजेंट के साक्षात्कार 6 को

हमीरपुर 05 मार्च। वर्मा ज्यूलर्स सोलन में मार्केटिंग फील्ड एजेंट के 30 पद भरे जाएंगे। इन पदों को भरने के लिए 6 मार्च को जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए कंप्यूटर का ज्ञान रखने वाले बारहवीं पास, स्नातक और स्नातकोत्तर पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे।
आवेदक की आयु 25 से 35 वर्ष के बीच हो।
कंपनी द्वारा चयनित आवेदकों को 14000 रुपए मासिक वेतन दिया जायेगा तथा चयनित आवेदकों का का कार्य क्षेत्र हमीरपुर होगा । इच्छुक आवेदक जिनका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो वह भी हिमाचली स्थाई निवासी प्रमाण पत्र व् अपने मूल प्रमाण पत्रों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकता है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय दूरभाष नंबर-01972-222318 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

========================================

15 तक बिजली बिल जमा करवाएं हमीरपुर-2 के उपभोक्ता

हमीरपुर 05 मार्च । विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करवाने के लिए 15 मार्च तक का समय दिया गया है। सहायक अभियंता सौरभ राय ने कहा कि उपमंडल के जिन विद्युत उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने बिलों का भुगतान नहीं किया है, वे इनका भुगतान 15 मार्च तक हमीरपुर शहर के भोटा चौक पर स्थित उपमंडल कार्यालय के काउंटर पर या ऑनलाइन माध्यम से कर दें।

उन्होंने बताया कि इस तिथि तक बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पूर्व सूचना के बगैर ही काट दिए जाएंगे। सहायक अभियंता ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।