स्वारघाट तथा झंडूता नगर पालिका को वार्डों में विभाजित करने के प्रस्ताव पर आपत्तियां व सुझाव आमंत्रित
बिलासपुर, 5 मार्च: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा स्वारघाट तथा झंडूता नगर पालिका को विभिन्न वार्डों में विभाजित करने तथा प्रत्येक वार्ड की सीमाएं निर्धारित करने के संबंध में तैयार किए गए प्रस्तावों के प्रकाशन का नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त प्रस्तावों का अवलोकन आगामी सात दिनों तक कार्यालय समय के दौरान उपायुक्त कार्यालय तथा नगर पालिका स्वारघाट और झंडूता के कार्यालयों में किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी निवासी को इन प्रस्तावों के संबंध में कोई आपत्ति अथवा सुझाव प्रस्तुत करना हो तो वह नोटिस के प्रकाशन की तिथि से सात दिनों के भीतर निर्धारित प्रपत्र में लिखित रूप से उपायुक्त कार्यालय को भेज सकतें है। निर्धारित अवधि के भीतर प्राप्त सभी आपत्तियों और सुझावों पर अंतिम निर्णय से पूर्व विचार किया जाएगा।
उपायुक्त ने स्वारघाट और झंडूता नगर पालिका क्षेत्र के नागरिकों से आग्रह किया है कि वह प्रस्तावों का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार अपने सुझाव अथवा आपत्तियां समय रहते प्रस्तुत करें, ताकि वार्डों के निर्धारण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं सहभागिता पूर्ण ढंग से पूर्ण की जा सके।

=====================================

राज्य स्तरीय नलवाडी मेला की स्मारिका और सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल में प्रकाशित करवाएं विज्ञापन

बिलासपुर, 5 मार्च: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय नलवाडी मेला-2026 की स्मारिका तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल में विज्ञापन प्रकाशित करवाने के लिए जिला प्रशासन से सम्पर्क स्थापित कर सकते है। उन्होंने कहा कि मेला आयोजन समिति द्वारा बहुरंगी स्मारिका का प्रकाशन किया जाता है। इसके माध्यम से विज्ञापन देने के इच्छुक विभिन्न शैक्षणिक, व्यापारिक एवं अन्य संस्थान निर्धारित दरों पर अपने विज्ञापन प्रकाशित करवा सकते है।
उन्होंने बताया कि स्मारिका में बहुरंगी बैक कवर पेज़ के लिए दरें 2 लाख रुपये, फ्रंट कवर एवं बैक कवर इन्नर साइड पेज़ के लिए 1 लाख रुपये की दर निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त स्मारिका में बहुरंगी पूरे पेज़ के लिए 50 हजार रुपये, ब्लैक एंड व्हाइट पूरे पेज के लिए 25 हजार रुपये तथा ब्लैक एंड व्हाइट आधा पेज के लिए 10 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि स्मारिका में विज्ञापन प्रकाशन के लिए उपायुक्त के सहायक आयुक्त से सम्पर्क किया जा सकता है।
राहुल कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय नलवाडी मेला अवधि के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन स्थल में विज्ञापन प्रसारित करने के लिए भी दरें निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि एलईडी के माध्यम से विज्ञापन प्रसारित करवाने के लिए 30 सेकंड के प्रति वीडियो के लिए 20 हजार रुपये, होर्डिंग के माध्यम से विज्ञापन देने के लिए 10 हजार रुपये तथा एलईडी स्क्रीन पर स्क्राॅलर चलाने के लिए 5 हजार रुपये की दर निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में विज्ञापन प्रसारित करवाने के इच्छुक संस्थान जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय से सम्पर्क कर सकते है।
================================

अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने अपराजिता बाल आश्रम में बच्चों संग मनाई होली

बिलासपुर, 05 मार्च: अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने आज अपराजिता बाल आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बच्चों के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया और रंगों के इस पावन पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी को सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बाल आश्रम के बच्चों को मिठाई वितरित की तथा उन्हें होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।

=======================================

जिला में मार्च माह का वाहन पासिंग एवं ड्राइविंग टेस्ट का कार्यक्रम जारी
बिलासपुर 5 मार्च: क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर राजेश कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में वाहन निरीक्षण, पासिंग एवं ड्राइविंग टेस्ट का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर आरटीओ के माध्यम से 6 मार्च और 25 मार्च को पासिंग तथा 10 और 30 मार्च को दोपहर 1 बजे तक ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा। जबकि आरएलए बिलासपुर के माध्यम से 23 मार्च को ड्राइविंग टेस्ट होगा। उन्होंने बताया कि आरटीओ बिलासपुर के तहत 11 मार्च को बरमाणा तथा 20 मार्च को रानीकोटला में वाहनों की पासिंग की जाएगी।
आरटीओ ने निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि आरएलए घुमारवीं में 12 और 28 मार्च को वाहनों की पासिंग तथा 13 और 27 मार्च को ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा। इसी तरह आरएलए झंडूता के तहत 18 मार्च को वाहनों की पासिंग और इसी दिन दोपहर 1 बजे तक ड्राइविंग टेस्ट आयोजित होगा। यही नहीं आरएलए स्वारघाट के अंतर्गत 9 मार्च को टोबा तथा 24 मार्च को स्वारघाट में वाहनों की पासिंग होगी जबकि 9 मार्च को टोबा और 24 मार्च को स्वारघाट में दोपहर 1 बजे तक ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए जाएंगे।