घुमारवीं (बिलासपुर), 03 मार्च: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव मेले की तैयारियों को लेकर खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में एसडीएम घुमारवीं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए नगर व ग्राम नियोजन तथा आवास मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव 5 अप्रैल से 9 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 4 अप्रैल को पारंपरिक पशु मेले का भी आयोजन किया जाएगा।
राजेश धर्माणी ने कहा कि यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है तथा इसे भव्य और सुव्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेले का शुभारंभ शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। शोभायात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मेला ग्राउंड तक पहुंचेगी, जहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिताओं का विशेष आकर्षण रहेगा। इस बार महिला कुश्ती को भी शामिल किया जा रहा है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इसके अतिरिक्त स्कूलों और कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिल सके।
मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, शतरंज सहित अन्य खेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं, इसलिए इन प्रतियोगिताओं को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मेले में इस वर्ष बेबी शो, डॉग शो तथा बुजुर्ग सम्मान शो का भी आयोजन किया जाएगा। बुजुर्ग शो में 70 से 90 वर्ष, 90 से 100 वर्ष तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को शामिल कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और परंपरा के धरोहर हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनियां भी लगाई जाएगी, जिससे आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान मेला ग्राउंड की साफ-सफाई, बिजली एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। इस बीच उन्होंने कानून एवं व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अग्निशमन विभाग को सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। खाद्य आपूर्ति विभाग को भी निर्देशित किया गया कि मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।
इसके उपरांत तकनीकी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों के साथ मेला ग्राउंड का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल, उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, एचपीएमसी के अध्यक्ष सतपाल वर्धन, पूर्व पार्षद कपिल, मनोनीत सदस्य देशराज, व्यापार मंडल के अध्यक्ष हेमराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।