शाहपुर, 13 फरवरी 2026-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज रैत के चंबी में जागोरी संस्था द्वारा आयोजित “उमड़ते 100 करोड़ अभियान” के अंतर्गत यूथ थिएटर फेस्टिवल 2026 में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से महिलाएं आज पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि जागोरी संस्था समाज में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। ग्रामीण स्तर तक अपनी पहचान बनाना और महिलाओं के उत्पीड़न के विरुद्ध निरंतर संघर्ष इसकी प्रमुख विशेषता है।

विधायक ने कहा कि पूर्व समय में गांवों में आपसी समन्वय और भाईचारे की भावना प्रबल थी, लेकिन वर्तमान परिवेश में इसमें कमी आई है, जो चिंताजनक है। हम सभी को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

उन्होंने सफल आयोजन के लिए संस्था को बधाई दी तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
संस्था की समन्वयक मनीषा ने मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था और कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “देह से धरती तक, हमारे शरीर हमारी धरती” है, जिसके अंतर्गत गीत-संगीत एवं नाट्य माध्यम से देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस फेस्टिवल में जिला कांगड़ा के रैत, धर्मशाला, कांगड़ा, नगरोटा बगवां एवं
नगरोटा सूरियां क्षेत्र की महिलाओं तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही विभिन्न महिला समूहों द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका मुख्यातिथि द्वारा अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बीडीओ रैत कमलजीत, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, सीडीपीओ रैत निर्मला, पूर्व जिप सदस्य नीना ठाकुर, रीना पठानिया, निखिल अवस्थी, आशा, पूजा, शिल्पा, हर्षना, रवीना सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

--