अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में जुड़ा नया आयाम, 14 फरवरी को होगा मंडी का प्रथम लिटरेचर फेस्टिवल
छोटी काशी साहित्य उत्सव के नाम से संकन गार्डन में आयोजन, उपायुक्त ने जारी किया पोस्टर
मंडी, 13 फरवरी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव को लेकर 12 फरवरी को देर सायं आयोजित पत्रकार वार्ता में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में एक नया आयाम जोड़ते हुए 14 फरवरी को मंडी का प्रथम लिटरेचर फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है, जिसे छोटी काशी साहित्य उत्सव नाम दिया गया है। उन्होंने इस अवसर पर उत्सव का आधिकारिक लोगो भी जारी किया।
उपायुक्त ने कहा कि ऐतिहासिक मंडी नगर अपनी स्थापना के 500वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इसकी समृद्ध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत को समर्पित यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। मंडी से अनेक प्रतिष्ठित लेखक जुड़े रहे हैं और यहां की साहित्यिक परंपरा अत्यंत समृद्ध है। धर्मशाला, कसौली और शिमला में साहित्य उत्सव आयोजित होते रहे हैं, लेकिन मंडी में ऐसा आयोजन न होना खटक रहा था। इसी सोच के साथ इस वर्ष महोत्सव के अंतर्गत साहित्य उत्सव को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन 14 फरवरी को संकन गार्डन में होगा तथा सुप्रसिद्ध लेखक राजा भसीन प्रथम लिटरेचर फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि यह फेस्टिवल आगे चलकर और विस्तृत स्वरूप ले तथा स्थायी पहचान बनाए।
पांच सत्रों में विविध विषयों पर चर्चा
उत्सव के अंतर्गत पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रथम सत्र में मंडयाली लोक साहित्य एवं समकालीन साहित्य विषय पर चर्चा होगी। दूसरे सत्र में कैमरा, मंडी कलम और रंगमंच के माध्यम से मंडी की कलात्मक अभिव्यक्ति पर संवाद आयोजित किया जाएगा। तीसरे सत्र में किस्सों की विरासत -लोक कथा से बाल कथा तक विषय पर विचार-विमर्श होगा।
चौथे सत्र में युवा लेखन एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर चर्चा की जाएगी, जबकि पांचवें सत्र में प्राचीन पारंपरिक साहित्यिक शैलियों के विकास पर विमर्श होगा। इसके अतिरिक्त साहित्य क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। सायंकाल गजल संध्या भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगी।
15 फरवरी को दूसरी ब्यास आरती
उपायुक्त ने बताया कि 15 फरवरी को दूसरी ब्यास आरती का आयोजन भी किया जाएगा। इस आरती का संचालन करने के लिए बनारस से पांच विद्वान आमंत्रित किए गए हैं। पत्रकार वार्ता में महोत्सव की तैयारियों, विभिन्न आयोजनों और व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
=======================================
उपायुक्त ने की ‘इंटर जेनरेशनल बॉन्डिंग’ कार्यक्रम की अध्यक्षता
वरिष्ठ नागरिकों का जीवन अनुभव और युवाओं की ऊर्जा व नवीन सोच समाज के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए आवश्यक- अपूर्व देवगन
मंडी, 13 फरवरी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आय यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), मंडी में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में “इंटर जेनरेशनल बांडिंग” विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवाद, सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देना रहा।
अपूर्व देवगन ने उपस्थित विद्यार्थियों को बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेने तथा पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने का संदेश देते हुए कहा कि पीढ़ियों के बीच सामंजस्य समाज को मजबूत बनाता है और इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक एकता को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस तरह के कार्यक्रमों की विशेष आवश्यकता है, क्योंकि बुजुर्गों और युवा छात्रों के बीच संवाद से दोनों पीढ़ियां एक-दूसरे के अनुभवों, विचारों और दृष्टिकोण से बहुत कुछ सीख सकती हैं।
उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का जीवन अनुभव और युवाओं की ऊर्जा एवं नवीन सोच का समन्वय समाज के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन को निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए वरिष्ठ नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा उनसे आह्वान किया कि वे अपनी समृद्ध विरासत, परंपराओं और जीवन अनुभवों को युवा पीढ़ी के साथ अवश्य साझा करें, ताकि समाज की सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रह सके। उन्होंने जानकारी दी कि वरिष्ठ नागरिकों और युवा विद्यार्थियों के लिए जिला मंडी के अधिकांश उपमंडलों में पुस्तकालय स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे अध्ययन, संवाद और मार्गदर्शन का वातावरण सुदृढ़ हुआ है।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी समीर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग समाज के कमजोर वर्गों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदायों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जयश्री कपूर, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थि
============================================
6 फरवरी से 25 फरवरी तक इंदिरा मार्केट की छत पर सजेगा सरस मेला: अपूर्व देवगन
मंडी, 13 फरवरी। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान 16 फरवरी से 25 फरवरी तक इंदिरा मार्केट की छत पर सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में हिमाचल प्रदेश सहित देश के लगभग 16 राज्यों के स्वयं सहायता समूहों एवं हस्तशिल्पकारों की भागीदारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों तथा मंडी जिला के सभी विकास खंडों से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी इसमें उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। मेले में लगभग 90 से 95 स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 15 स्टॉल स्थानीय व्यंजनों के लिए आबंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त एक स्टॉल दिव्यांगजन स्वयं सहायता समूह को विशेष रूप से प्रदान किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि सरस मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पाद मुख्य आकर्षण रहेंगे। यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने तथा स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरस मेले का अवलोकन करने तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाने का आग्रह किया है।
==============================
नाट्य मंचन के दूसरे दिन अतिरिक्त जिलादंडाधिकारी रहे मुख्य अतिथि, कलाकारों के सशक्त अभिनय को सराहा
*मंडी, 13 फरवरी।* अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में संस्कृति सदन कांगनीधार में आयोजित नाट्य मंचन के दूसरे एवं अंतिम दिन अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी डॉ. मदन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दूसरे दिन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं समकालीन विषयों पर आधारित नाटकों का प्रभावी मंचन किया गया।
उत्सव संस्था की ओर से “ओ रे मनवा” नाटक का मंचन किया गया। इसका मूल आलेख निर्मल वर्मा का है, जबकि नाट्य रूपांतरण व निर्देशन दक्षा शर्मा ने किया। यह नाटक स्त्री-पुरुष संबधों पर आधारित है जिसमें नायिका एक ऐसे आदमी से प्यार करती है जो शादीशुदा है और जिसकी एक बच्ची भी है। इसमें संबंधों के ताने-बाने को कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से बारीकी से उकेरा। मुख्य भूमिका में दक्षा शर्मा, मुनीश देव मोहन, सरिता हांडा और जय चौहान थे। प्रकाश परिकल्पना कश्मीर सिंह की जबकि सेट डिजाइन वेद कुमार था।
हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान एवं रंग मंडल द्वारा एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति “ब्यूटी पार्लर” का मंचन किया गया। यह सुप्रसिद्ध लेखिका रेखा वशिष्ठ द्वारा लिखित कहानी पर आधारित है जिसका सशक्त नाट्य रूपांतरण एवं निर्देशन सीमा शर्मा द्वारा किया गया।
यह कथा एक ऐसे व्यक्ति के जीवन को केंद्र में रखती है, जो ब्यूटी पार्लर संचालित करता है। दूसरों के चेहरे संवारते-संवारते वह स्वयं अपनी जीवन-यात्रा के आकर्षण, संवेदनाओं और निजी सपनों से दूर होता चला जाता है। बाहरी सौंदर्य के पीछे छिपे आंतरिक संघर्ष, सामाजिक दिखावे और मानवीय अकेलेपन को नाटक ने अत्यंत संवेदनशीलता और यथार्थपरक ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया। दर्शकों को यह प्रस्तुति समाज के उस द्वंद्व से रूबरू कराती है, जहाँ व्यक्ति दूसरों के जीवन में चमक भरते-भरते स्वयं भीतर से खाली होता जाता है।
मुख्य भूमिका में कश्मीर सिंह ने “ब्यूटी पार्लर” के पात्र को अत्यंत जीवंत और प्रभावपूर्ण ढंग से निभाया। श्रीमती हसन - सीमा, मिसेज भार्गव - पूजा चक्रवर्ती, उर्वशी -रिया, बेबी- कामाक्षी, लड़की -प्रीति सूत्रधार के रूप में सचिन, सोफी मैडम- भारती, प्रकाश- दीप कुमार तथा संगीत संयोजन - सचिन द्वारा किया गया। कलाकारों की सामूहिक ऊर्जा और निर्देशक की सूक्ष्म दृष्टि ने दर्शकों को आरंभ से अंत तक बांधे रखा।
इसके अतिरिक्त संवाद युवा मंडल की ओर से “अधूरे पन्नेः यादों की चौखट" का भी प्रभावी मंचन किया गया। मनजीत मन्ना के निर्देशन में प्रस्तुत यह नाटक उन बुजुर्गों की अंतहीन प्रतीक्षा की कहानी है, जो अपनों के बिछड़ने के बाद भी एक 'अंतिम उम्मीद' के सहारे जी रहे हैं। हर दिन बीतता है, पन्ने पलटते हैं, पर घर लौटने की चाहत आज भी वहीं ठहरी हुई है।
इन नाट्य प्रस्तुतियों के चलते संस्कृति सदन कांगनीधार रंगमंचीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना है। विविध विषयों पर आधारित इन सशक्त प्रस्तुतियों ने दर्शकों को कला और संस्कृति से जुड़ने का विशेष अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी, रंगकर्मी रूप उपाध्याय सहित कुलदीप गुलेरिया व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
===========================================
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला-2026 : 15 से 22 फरवरी तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू
मंडी, 13 फरवरी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला-2026 के दौरान शहर में वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जिला दंडाधिकारी मंडी अपूर्व देवगन ने 15 फरवरी से 22 फरवरी तक विशेष यातायात प्रबंध लागू करने के आदेश जारी किए हैं, ताकि मेले के दौरान यातायात सुचारू रहे, आपात सेवाओं को निर्बाध मार्ग मिल सके और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जारी आदेशों के अनुसार आपातकालीन वाहन और एम्बुलेंस सभी सड़कों पर किसी भी दिशा में संचालित हो सकेंगे। मेला क्षेत्र तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। भारी वाहन एवं मालवाहक वाहन (बसों को छोड़कर) केवल रात्रि 12 बजे से प्रातः 6 बजे तक ही मंडी शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
अस्थायी बस स्टैंड
यात्रियों की सुविधा के लिए दो स्थानों को अस्थायी बस स्टैंड घोषित किया गया है। एनएच-21 पर ट्रक एवं ट्रैक्टर पार्किंग के समीप खुले क्षेत्र में बल्ह और सुंदरनगर की ओर जाने वाली बसें रुकेंगी। वहीं जोनल अस्पताल/बाड़ी गुमाणू की ओर से आने वाली बसों के लिए सकोडी ब्रिज के समीप एमसी पार्किंग में अस्थायी बस स्टैंड बनाया जाएगा।
प्रमुख रूट डायवर्जन और वन-वे व्यवस्था
तल्याहड़ की ओर से आने वाली बसें सन्यारडी बाईपास, केहनवाल चौक और पुलघराट (पुराना एनएच) होते हुए अस्थायी बस स्टैंड तक वन-वे प्रणाली के तहत पहुंचेंगी। वापसी में बसें ओल्ड सुकेती ब्रिज, मंडी बाजार और जेल रोड से होकर जाएंगी।
विक्टोरिया ब्रिज से सेन मोहल्ला होते हुए जीरो चौक तक का मार्ग हल्के वाहनों के लिए जीरो चौक की ओर वन-वे रहेगा, जो जोनल अस्पताल के लिए वैकल्पिक मार्ग भी होगा। गांधी चौक से विक्टोरिया ब्रिज तक का मार्ग केवल विक्टोरिया ब्रिज की ओर वन-वे रहेगा।
सेरी मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान होटल प्रताप पैलेस से केहनवाल चौक तक मार्ग आवश्यकता अनुसार बंद किया जा सकेगा। ऐसे समय में हल्के वाहनों की आवाजाही रोटरी चौक से थनेहड़ा बाजार होते हुए जारी रहेगी।
आईटीआई चौक से महामृत्युंजय चौक की ओर यातायात ओल्ड सुकेती ब्रिज से संचालित होगा, जबकि न्यू सुकेती ब्रिज पर यातायात केवल आईटीआई चौक की ओर वन-वे रहेगा।जलेब तथा अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक शोभायात्रा के दिनों में आवश्यकतानुसार यातायात नियंत्रित एवं परिवर्तित किया जाएगा। सर्किट हाउस मंडी से टारना मंदिर तक सड़क के दोनों ओर मेला अवधि के दौरान नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है।
निर्धारित पार्किंग स्थल
मेले के दौरान विक्टोरिया ब्रिज (रिवर बेड), होमगार्ड कार्यालय भ्युली , जिमखाना क्लब तथा ओल्ड बाईपास एमसी पार्किंग में निःशुल्क पार्किंग उपलब्ध रहेगी। आईएसबीटी रूफ पार्किंग, भीमा काली मंदिर, यू मॉल पार्किंग, सकोडी ब्रिज एमसी पार्किंग तथा पड्डल गुरुद्वारा पार्किंग स्थल शुल्क सहित रहेंगे।