हीरानगर के पार्क में किया जाएगा विभिन्न सुविधाओं का विस्तार: गंधर्वा राठौड़

हमीरपुर 05 फरवरी। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को हीरानगर स्थित चिल्ड्रन पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क के सौंदर्यीकरण और विभिन्न सुविधाओं के विस्तार की संभावनाओं को लेकर वन विभाग के अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की।
उपायुक्त ने कहा कि यह पार्क हमीरपुरवासियों के अलावा बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी एक आकर्षण का केंद्र है। सुबह-शाम की सैर एवं व्यायाम के साथ-साथ कुछ सुकून भरे पल बिताने के लिए यह एक बेहतरीन जगह है। उन्होंने कहा कि इस पार्क के विस्तार और सौंदर्यीकरण की अभी भी काफी संभावनाएं हैं। इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और यहां फूड पार्क भी स्थापित किया जाएगा।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, डीएफओ अंकित सिंह और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त को पार्क में विभिन्न सुविधाओं के विस्तार की संभावनाओं से अवगत करवाया।
===========================================
नशा विरोधी अलख जगाएगी उपमंडल स्तरीय समिति
18 को ग्राम पंचायत भौंखर में आयोजित की जाएगी कार्यशाला

भोरंज 05 फरवरी। नशा मुक्त अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भोरंज की उपमंडल स्तरीय नशा निवारण समिति विशेष प्रयास कर रही है और कई जागरुकता गतिविधियां आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में 18 फरवरी को ग्राम पंचायत भौंखर में नशा जागरुकता कार्यशाला आयोजित की जाएगी। एसडीएम एवं उपमंडल स्तरीय नशा निवारण समिति के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा ने वीरवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके नशा मुक्त अभियान की समीक्षा की तथा भौंखर में आयोजित की जाने वाली कार्यशाला की रूपरेखा तय की।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों का सक्रिय सहयोग बहुत जरूरी है। इसके लिए आम लोगों में जागरुकता सबसे जरूरी है। इसी के मद्देनजर उपमंडल स्तरीय समिति जन जागरुकता पर विशेष जोर दे रही है। एसडीएम ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज और अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी जागरुकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाएं।
बैठक में तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव चंदेल, डिग्री कालेज से डॉ. प्रिंस ठाकुर, सीनियर सेकंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा, भोरंज के थाना प्रभारी प्रशांत ठाकुर, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनील कुमार, बीएमओ कार्यालय से संजीव कतना, आईटीआई के प्रशिक्षण प्रभारी संजीव कुमार धीमान और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
===============================================
नादौन में 7 को प्रस्तावित ड्राईविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग स्थगित

नादौन 05 फरवरी। एसडीएम कार्यालय नादौन के अंतर्गत 7 फरवरी को प्रस्तावित ड्राईविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग फिलहाल स्थगित कर कर दी गई है। एसडीएम और पंजीकरण एवं लाइसेंस अधिकारी निशांत शर्मा ने बताया कि प्रशासनिक कारणों से इन्हें स्थगित किया गया है। ड्राईविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग के लिए नई तिथि शीघ्र ही निर्धारित कर दी जाएगी।
=======================================
नादौन में इंडोर स्टेडियम के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी

हमीरपुर 05 फरवरी। उपमंडल मुख्यालय नादौन के खरीड़ी मैदान में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम एवं बहु-खेल परिसर के लिए तहसील नादौन के मौजा कोहला के गांव डोली घराना के 14 भूमि मालिकों की लगभग 7561.06 वर्गमीटर निजी भूमि के अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
एडीसी हमीरपुर और डोली घराना गांव के भूमि अधिग्रहण प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन कार्य के प्रशासक अभिषेक गर्ग ने बताया कि इस भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के लिए पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन योजना को मंडी के मंडल आयुक्त ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वीकृति प्रदान की थी।
एडीसी ने बताया कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के बाद युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सचिव ने भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्स्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 की धारा 19 (1) के तहत गांव डोली घराना के 14 भूमि मालिकों सुभाष चंद, संजय कुमार, ब्रह्मी देवी, मनोज कुमार, कृष्णा देवी, राकेश कुमार, करतारो देवी, केहरू राम, लाल चंद, रमेश कुमार, कृष्ण चंद, डीएवी स्कूल, सुनील कुमार और तुषार अवस्थी की कुल लगभग 7561.06 वर्गमीटर निजी भूमि के अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन का विशेष ध्यान रखते तथा इनके लिए बेहतरीन योजना तैयार करने के बाद अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार ही यह अधिसूचना जारी की गई है। हिंदी और अंग्रेजी में इसकी प्रतियां नादौन के एसडीएम और तहसीलदार कार्यालयों और क्षेत्र के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर भी उपलब्ध करवा दी गई है।