मंडी, 5 फरवरी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 2026 के अंतर्गत वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता के लिए आयोजित ऑडिशन में आज 69 कलाकारों ने भाग लिया। आज के ऑडिशन में करसोग, सुंदरनगर, गोहर और थुनाग उपमंडलों के कलाकारों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें युवाओं के साथ-साथ अनुभवी कलाकारों ने भी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने बताया कि वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता के लिए अब तक कुल 192 कलाकार ऑडिशन दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि 6 फरवरी को मंडी जिला के अलावा अन्य जिलों के कलाकारों को ऑडिशन के लिए आमंत्रित किया गया है, ताकि प्रदेश भर की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा सके।

उन्होंने बताया कि वॉयस ऑफ शिवरात्रि प्रतियोगिता के विजेता को 51,000 रुपये, प्रथम उपविजेता को 31,000 रुपये तथा द्वितीय उपविजेता को 21,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही, चयनित कलाकारों को महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।