चण्डीगढ़20/11/25- : पुरुषों के अधिकारों के लिए कार्यरत्त संगठन सेव इंडियन फैमिली (एसआईएफ), चण्डीगढ़ ने पुरुषों के स्वास्थ्य, कल्याण और समानता पर ध्यान देने की मांग उठाई। एसआईएफ, चण्डीगढ़ के अध्यक्ष रोहित डोगरा ने कहा कि अक्सर समाज में पुरुषों को संरक्षक और परिवार के सहारा देने वाले रूप में देखा जाता है, जिसके चलते वे अपनी ही सेहत को पीछे छोड़ देते हैं। उन्होंने बताया कि इसे देखते हुए सेव इंडियन फैमिली, चंडीगढ़ चैप्टर ने पार्क ग्रेशियन अस्पताल, सेक्टर 69, मोहाली के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस पर एक निःशुल्क वेलनेस स्वास्थ्य शिविर और जागरुकता अभियान भी आयोजित किया।
शिविर में ईसीजी, ब्लड टेस्ट, शुगर और बीपी जांच, सामान्य नेत्र परीक्षण, बोन-डेंसिटी टेस्ट, सामान्य स्वास्थ्य परामर्श सहित कई सेवाएँ बिल्कुल निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं जिसका 254 लोगों ने लाभ उठाया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने प्रोस्टेट कैंसर जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन, तथा आधुनिक जीवनशैली के कारण पुरुषों में बढ़ते हृदय रोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. रोहित जायसवाल, सीईओ, पार्क ग्रेशियन अस्पताल ने अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं और पार्क ग्रुप की उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुरुषों का स्वास्थ्य लंबे समय से उपेक्षित विषय रहा है, और हम इसे लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
रोहित डोगरा ने कहा कि भारत में महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं, कानून और संस्थाएं मौजूद हैं, लेकिन पुरुषों के स्वास्थ्य या कल्याण से संबंधित कोई औपचारिक व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पुरुष मजबूत परिवार और मजबूत राष्ट्र का आधार होते हैं। उन्होंने ने सरकार से पुरुष आयोग या पुरुष मंत्रालय की स्थापना करने, पुरुष-विशिष्ट बीमारियों (जैसे प्रोस्टेट कैंसर) हेतु राष्ट्रीय स्वास्थ्य बजट का प्रावधान करने, संकटग्रस्त पुरुषों के लिए सरकारी आत्महत्या रोकथाम हेल्पलाइन और मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रदान करने, राष्ट्रीय पारिवारिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण में पुरुषों के खिलाफ घरेलू हिंसा को शामिल करने व जेंडर-न्यूट्रल कानून और शेयर्ड पेरेंटिंग नीति लागू करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि 2005 से सक्रिय सेव इंडियन फैमिली पारिवारिक सद्भाव, लैंगिक समानता और सामाजिक न्याय के लिए काम कर रही है। संगठन पुरुषों और उनके परिवारों के लिए एक निःशुल्क राष्ट्रीय हेल्पलाइन -08882-498-498 भी संचालित करता है।