चंडीगढ़, 27.11.26- आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ को उस समय बड़ी मजबूती मिली जब कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इन सभी को आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह ने पार्टी में शामिल करवाया। इस अवसर पर चंडीगढ़ के पार्टी प्रधान विजय पाल सिंह और वरिष्ठ नेता दिल्ली के पूर्व विधायक अखिलेश त्रिपाठी, पार्टी की उपाध्यक्ष दीपा दुबे भी विशेष रूप से मौजूद रहे और उन्होंने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।

आम आदमी पार्टी में शामिल होने वालों में सतीश मचल, पूर्व सचिव CTCC (कांग्रेस); संजीव राही, जनरल सेक्रेटरी, अमित शाह यूथ ब्रिगेड (भाजपा); नीतू आजाद, सचिव, अमित शाह यूथ ब्रिगेड (भाजपा); सागर, मंडल प्रधान, एससी मोर्चा, वार्ड नंबर 14 (भाजपा); रेनू धीर, महिला अध्यक्ष, अमित शाह यूथ ब्रिगेड (भाजपा); दीपक कुमार, कांग्रेस कार्यकर्ता; वी.पी. सिंह, भाजपा कार्यकर्ता; रेखा यादव (भाजपा); संध्या यादव (भाजपा) और अंकित शामिल हैं।

इस अवसर पर जरनैल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहितकारी नीतियों और ईमानदार राजनीति से प्रभावित होकर लगातार विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता पार्टी से जुड़ रहे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि चंडीगढ़ की जनता अब बदलाव चाहती है।

विजय पाल सिंह ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी में हर कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी आगामी नगर निगम चुनावों में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देगी।

दीपा दुबे ने भी सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।