सुन्दरनगर, 24 नवंबर, 2026-मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के लूणापानी निवासी राजेश गुलेरिया ने सुगंधित पौधों और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों में छिपी संभावनाओं को पहचानते हुए उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहल की है। ‘सुक्खू सरकार’ के प्रोत्साहन एवं आर्थिक सहयोग से लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से ‘आरके एरोमैटिक्स’ नाम से आवश्यक तेल निष्कर्षण एवं प्रसंस्करण इकाई स्थापित कर उन्होंने स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ाया है।

उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में यह पहल की गई है। राजेश गुलेरिया के बेटे दीक्षांत ने बताया कि आरके एरोमेटिक के माध्यम से लगभग 1.18 करोड़ रुपये की लागत से सेकेंडरी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की गई है। इस यूनिट में डिस्टिलेशन सहित विभिन्न आधुनिक मशीनरी स्थापित की गई हैं।
*सरकार ने दी 50 लाख रुपए की सहायता*
वर्ष 2024-25 में उद्यान विभाग के बल्ह कार्यालय में राजेश ने इस यूनिट की स्थापना के लिए आवेदन किया। परियोजना में मशीनरी की लागत पर सरकार की ओर से 50 प्रतिशत उपदान दिया जा रहा है। सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं के लिए इतनी महंगी मशीनरी लगाकर अपना उद्योग स्थापित करना शायद आसान नहीं होता, लेकिन योजना के तहत सरकार से मिली मिली लगभग 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता से ही यह संभव हो पाया है।
*प्रशिक्षण से मिली नई राह*
राजेश गुलेरिया ने वर्ष 2025-26 में पुष्प क्रांति योजना के तहत जी.बी. पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, मौहल, कुल्लू में पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान सुगंधित पौधों, आवश्यक तेल निष्कर्षण, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन की व्यावहारिक जानकारी हासिल की। स्थानीय संसाधनों की संभावनाओं के दृष्टिगत परियोजना तैयार कर समेकित बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत प्राप्त आर्थिक सहायता से यह इकाई स्थापित की।
*सुगंधित उत्पादों का होगा प्रसंस्करण*
इस इकाई में टैगेटिस, कैलमस, क्लेरी सेज, पामारोजा, आर्टेमिसिया तथा जंगली खुबानी एवं खुबानी गिरी के तेल इत्यादि उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इन उत्पादों के लिए स्थानीय किसानों एवं संग्राहकों से कच्चा वनस्पति पदार्थ खरीदा जाएगा। इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होने के साथ ही सुगंधित फसलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा और उनकी अतिरिक्त आय के अवसर बढ़ेंगे।
*विदेशों तक पहुंचेगा हिमाचल का सुगंधित तेल*
राजेश गुलेरिया बताते हैं कि यहां तैयार आवश्यक तेलों का विपणन घरेलू बाजार में करने के अलावा विदेशों में निर्यात भी किया जाएगा। हिमाचल में उपलब्ध सुगंधित पौधों और प्राकृतिक संसाधनों का मूल्य संवर्धन कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना उनका प्रमुख उद्देश्य है। इससे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार मिलेगा और किसानों तथा संग्राहकों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि यूनिट की उत्पादन क्षमता के आधार पर प्रतिवर्ष लगभग अढ़ाई करोड़ रुपये का कारोबार अर्जित करने का लक्ष्य है। इससे करीब 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक मुनाफे की संभावना है। इस इकाई के संचालन से लगभग 15 से 20 कुशल एवं अकुशल कामगारों और तकनीकी कर्मचारियों को रोजगार भी उपलब्ध होगा।
*राज्य सरकार का जताया आभार*
उद्यम स्थापित करने में प्रदेश सरकार और उद्यान विभाग से मिले सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता और जरूरी प्रशिक्षण ने उनके सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भविष्य में अधिक से अधिक स्थानीय किसानों एवं संग्राहकों को इस उद्यम से जोड़ना उनका लक्ष्य है।
*आधुनिक तकनीक से गुणवत्ता सुनिश्चित*
विषयवाद विशेषज्ञ उद्यान सुंदरनगर डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इकाई में आधुनिक प्रसंस्करण मशीनरी के साथ गैस क्रोमैटोग्राफी आधारित गुणवत्ता विश्लेषण सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे आवश्यक तेलों की गुणवत्ता का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण किया जा सकेगा। इकाई का अनुमानित वार्षिक कारोबार करीब 2.46 करोड़ रुपये है। कृषि एवं बागवानी उत्पादों के मूल्य संवर्धन, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण रोजगार सृजन तथा स्थानीय संसाधनों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में यह एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभर रहा है।