चण्डीगढ़, 23.11.26- : रफी कल्चरल एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी, चंडीगढ़ में ‘रफीनामा – तुम मुझे यूँ भुला न पाओगे’ शीर्षक से एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम डॉ. नवीन चावला के द्वारा आयोजित किया गया। इस समारोह में पंजाब और चंडीगढ़ के नामचीन कलाकारों ने मोहम्मद रफी साहब के सदाबहार गीतों को अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत कर उन्हें भावभीनी संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नैन्सी गिरधर ने बेहद खूबसूरत अंदाज में मंच संचालन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एस.एस. प्रसाद, आईएएस (सेवानिवृत्त) एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रंजू प्रसाद आईपीओएस सेवानिवृत्त उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में चीफ इंजीनियर एवं स्पेशल सेक्रेटरी मुकेश आनंद ने शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ इवेंट कोऑर्डिनेटर हरभजन बैंस द्वारा रूहानी शबद ‘मित्र प्यारे नूं’ के गायन से हुआ। इसके पश्चात सजी संगीत की महफिल में श्रोता रफी साहब के स्वर्णिम दौर की यादों में खो गए। इस दौरान आयोजक डॉ. नवीन चावला एवं जसप्रीत कौर ने ‘दस मेरिया दिलबरां वे’ गीत गाकर खूब वाहवाही लूटी। मुख्य अतिथि एस.एस. प्रसाद एवं श्रीमती रंजू प्रसाद ने ‘वादा कर सजना’ और ‘यूँ ही तुम मुझसे बात करती हो’ तथा विशिष्ट अतिथि मुकेश आनंद एवं शिखा विज ने ‘एक बार ज़रा फिर कह दो’ व ‘हँसता हुआ कारवाँ’ की शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया।
समारोह में हरभजन बैंस, राजेश कंवर, करम चंद बत्रा, आर.सी. दास, वनिता मल्होत्रा, देविंदर भोला, ईश्वर दास, शर्मिला सिंह, लिली गुप्ता, गुरविंदर सिंह, नीना चोपड़ा, उर्वी सोलंकी, डॉ. प्रदीप भारद्वाज, संदीप कटारिया, मेजर मीनाक्षी, प्रिया सेन गुप्ता, हरजीत सिंह, कल्पना गुप्ता, संजीव भूटानी, मधुसूदन शर्मा, राजीव वर्मा, प्रोमिला सिंह और परम चंदेल ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।