दोनों हाथों से देश और प्रदेश को लूट रही भाजपा सरकार – डॉ अजय सिंह चौटाला
November 20, 2026 06:37 PM
चंडीगढ़, 20 नवम्बर। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि भाजपा सरकार का आमजन के हितों से कोई वास्ता नहीं है, क्योंकि सरकार दोनों हाथों से देश और प्रदेश की जनता को लूटने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का वक्त आ गया है। डॉ चौटाला ने आह्वान करते हुए कहा कि जेजेपी की महेंद्रगढ़ रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग पहुंचकर घमंड में चूर भाजपा सरकार को आईना दिखाने का काम करे। शुक्रवार को जेजेपी प्रमुख रोहतक और हांसी में पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू थे। इससे पहले उन्होंने छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाली जेजेपी की जन-जन अधिकार रैली का न्यौता दिया। वहीं पत्रकारों से रूबरू होते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ बड़ा धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करके सत्ता में आई भाजपा सरकार अब किसानों के हाथों में चवन्नी थमा रही है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार द्वारा गेहूं और गन्ने के दाम में नामात्र बढ़ोतरी करना किसानों के हित में कतई नहीं है। उन्होंने भाजपा सरकार से मांग करते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिलना चाहिए और इसके लिए गेहूं व गन्ने के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर पुनर्विचार करके बढ़ाना चाहिए। दुष्यंत ने कहा कि आज किसान शुगर मिलों को ताला लगाकर अपना विरोध जता रहे है और सरकार को किसानों की आवाज को प्राथमिकता से सुनना चाहिए।
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भाजपा सरकार द्वारा 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने के दावे को झूठा बताते हुए कहा कि सरकार ब्यौरा दें कि आज वे कौन-सी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है ? उन्होंने कहा कि बाजरे का एमएसपी करीब 2900 रुपए प्रति क्विंटल है, लेकिन ऐसी कोई भी मंडी नहीं जहां किसान ने बाजरे को 2200 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर बेचा हो। इसी तरह किसानों को धान में नमी के नाम 600 रुपए तक की कटौती करके लूटा जा रहा है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने यह भी कहा कि सीएम नायब सैनी हरियाणा के धरातल से अनजान है, वे सिर्फ पंजाब दौरों का रिकॉर्ड बनाने में व्यस्त है। प्रदेश में सीएम के नदारद होने के चलते मंडियों में किसानों के बुरे हाल है और हरियाणा के लोग खराब कानून व्यवस्था से परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न ही कोई नया निवेश आया है। भाजपा सरकार केवल झूठा प्रचार करके लोगों को भ्रमित करने का काम करती है। इस अवसर पर जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, वरिष्ठ नेता धर्मबीर सिहाग, रविंद्र सांगवान आदि ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और रैली की तैयारियों बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अनेक युवाओं ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की।
For further display of news in English with photographs in JPG file on "indianewscalling.com"
CONTACT: M.M.Khanna, Web-Master cum Director
Location: 585, Shantivan Housing Coop Society,
Sector-48 A, Chandigarh-160047
Ph: 0172-4620585 , Mobiles: 09217737625 & 9877215655
Email: mmk.vvi@gmail.com & mmkhanna585@yahoo.com
Share this News/Article on Facebook Share this News/Article on Facebook