चण्डीगढ़, 19.011.26- : सेवानिवृत्ति के बाद जीवन में आने वाले एकाकीपन, खालीपन और मानसिक तनाव को दूर करने के लिए संगीत एक प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी उद्देश्य से चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित वाटर वर्क्स पार्क में प्रत्येक रविवार को ‘सुरों की महफिल’ सजाई जाती है। इस अनूठी पहल से लगभग 25 से 30 वरिष्ठ नागरिक जुड़कर संगीत की मधुर स्वर लहरियों के बीच जीवन में उमंग, उल्लास और सकारात्मकता का संचार कर रहे हैं।
इस संगीत मंडली में अधिकांश ऐसे वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं, जिनके बच्चे रोजगार अथवा अन्य कारणों से विदेशों में रहते हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनके जीवन में पैदा होने वाले अकेलेपन और भावनात्मक रिक्तता को दूर करने में यह संगीत सभा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संगीत के माध्यम से उन्हें न केवल मानसिक सुकून मिलता है, बल्कि आपसी मेल-मिलाप और मित्रता के नए रिश्ते भी विकसित हो रहे हैं।
इस विलक्षण एवं सराहनीय पहल को साकार करने में पार्षद योगेश ढींगरा, डॉ. नीलम गोयल, भारत भूषण मल्होत्रा, सी.पी. पुरी, रिक्की सलारिया और डॉ. गगनजीत के सामूहिक प्रयासों का विशेष योगदान रहा है।
‘सुरों की महफिल’ केवल संगीत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक आत्मीय परिवार का रूप ले चुकी है। इसके सदस्य आपस में मिलकर जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, राष्ट्रीय पर्व और विभिन्न त्योहारों को बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाते हैं। इन आयोजनों से सदस्यों में अपनत्व, भाईचारे और सामाजिक जुड़ाव की भावना और मजबूत होती है।
संगीत सभा में डॉ. नीलम गोयल का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।