चंडीगढ़, 3 नवंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश में अवैध खनन और खनन माफिया की गतिविधियों को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यमुनानगर के उनेहड़ी घाट पर थाने के नजदीक खुलेआम अवैध खनन होना और दिन-रात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अवैध खनन सामग्री भरकर सरेआम लेके जाना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में बीजेपी सरकार के संरक्षण में धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर को अवैध खनन सामग्री से भरे संदिग्ध डंपर को रोकने पर एसडीएम को कथित तौर पर कुचलने की कोशिश की गई। शिकायत के अनुसार डंपर चालक ने वाहन उनकी ओर बढ़ाया और पीछे चल रही क्रेटा कार ने उनका रास्ता बाधित किया, जिससे डंपर चालक भागने में सफल रहा। यह घटना दर्शाती है कि अवैध खनन रोकने के लिए कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा भी खतरे में है। अभय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में खनन माफिया बेखौफ होकर प्राकृतिक संसाधनों को लूट रहा है। जब थाने के इतने नजदीक अवैध खनन हो सकता है तो प्रदेश के दूरदराज इलाकों में स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, पर्यावरण और नदियों को क्षति पहुंच रही है तथा आम जनता की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि उनेहड़ी घाट सहित पूरे क्षेत्र में अवैध खनन की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच करवाई जाए, दोषियों, उनके सहयोगियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। एसडीएम पर हुए कथित हमले के आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को जब्त किया जाए।