नई दिल्ली, 28.10.26-: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां नई दिल्ली के संविधान सदन में भारतीय संसद द्वारा आयोजित 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच तथ पीठासीन अधिकारियों की बैठक में भाग लेने के बाद आज अपराह्न 12:20 बजे नई दिल्ली से वायु मार्ग द्वारा गगल एयरपोर्ट पहुँचे। पठानियां ने गगल एयरपोर्ट से सीधे सिहॅुंता की ओर प्रस्थान किया तथा 3:30 बजे अपने घर पहुँचे। दिल्ली से रवाना होने से पूर्व विधान सभा अध्यक्ष ने लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का उन्हें 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच में विशेष रूप से आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद दिया तथा उन्होने दिल्ली विधान सभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता का भी पीठासीन अधिकारियों की भव्य बैठक आयोजित करने तथा आतिथ्य सत्कार के लिए धन्यवाद दिया।
पठानियां ने कहा कि 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच में भाग लेना एक अनोखा अनुभव था जहाँ 12 देशों तथा 10 सहयोगी देशों की संसदो के पीठासीन अधिकारी तथा शिष्टमण्डल मौजूद थे। उन्होने कहा कि इस तरह के आयोजन जहाँ देश –दुनिया में विचारों में एकरूपता लाने का प्रयास करते हैं वहीं सदभावना तथा प्रोद्योगिकी के माध्यम से एक –दूसरे देश की संस्कृति तथा सभ्यता समझने का सुअवसर मिलता है। पठानियां ने कहा कि हम भारत में विधायी निकायों के कार्य-संचालन एवं प्रक्रिया के नियमों का एक समान प्रारूप तैयार करने की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं लेकिन यह भी सम्भव नहीं कि हम छोटे तथा बड़े राज्य विधान मण्डलों में एक जैसे नियम बनाकर उसका कार्य- संचालन कर सकें। उन्होने कहा कि दिसम्बर में महाराष्ट्र की राजधानी मुम्बई में निर्धारित अगली बैठक में हम किसी निष्कर्ष पर पहुँचने का प्रयास करेंगे ताकि मसौदा रिर्पोट को शीघ्र अन्तिम रूप दे सकें।