बिलासपुर, 27 अक्तूबर: भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वर्ष 2017 बैच की अधिकारी किरण भड़ाना ने मंगलवार को बिलासपुर जिला के उपायुक्त का कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह लाहौल-स्पीति जिला की उपायुक्त के रूप में सेवाएं दे रही थीं।

जिला में चल रही रेलवे और फोरलेन परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करवाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय तथा कार्यान्वयन में आने वाली बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन भी उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। इसके तहत पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाने, विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर रहेगा। साथ ही, आम जनता की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी जिला प्रशासन के महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल रहेगा।

बिलासपुर में पर्यटन विकास को बढ़ावा देना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। विशेष रूप से गोबिंद सागर झील तथा जिला के अन्य प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की संभावनाओं को विकसित करने, जल पर्यटन एवं मनोरंजक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा लोगों की आजीविका को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।

बिलासपुर में कार्यभार संभालने से पहले किरण भड़ाना हिमाचल प्रदेश सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। इनमें विशेष सचिव, बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा (एमपीपी एवं पावर), निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा निदेशक, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के पद शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, वह अतिरिक्त उपायुक्त, शिमला तथा उपमंडलाधिकारी (एसडीएम), सलूणी और नादौन के पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। विभिन्न विभागों और प्रशासनिक पदों पर कार्य करने का उनका अनुभव जिला में विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसेवाओं को सुदृढ़ करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण रहेगा।