चंबा 24 अक्टूबर 2026,जिला मुख्यालय चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में एक दिवसीय रेड क्रॉस मेला व ईट राईट मेला आयोजित किया गया। जिला प्रशासन चंबा तथा स्वास्थ्य सुरक्षा विनियमन विभाग हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले का विधिवत शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। राज्यपाल ने इससे पूर्व ऐतिहासिक चौगान मैदान में रेड क्रॉस विभाग तथा खाद्य सुरक्षा विनियमन विभाग द्वारा स्थापित फूड स्टालों का अवलोकन किया तथा शिक्षण संस्थानों स्वयं सहायता समूह तथा अन्य लोगों द्वारा स्थापित खाद्य स्टालों की सराहना की।
उल्लेखनीय है है कि चंबा में पहली बार ईट राइट मेला आयोजित किया गया है जिसमें लोगों ने स्वस्थ खान-पान व रहन-सहन तथा जीवन शैली के बारे में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन हासिल किया। मेले में रेड क्रॉस समिति के सहयोग से स्कूली विद्यार्थियों तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय व्यंजनों पर आधारित स्वस्थ खाद्य पदार्थ लोगों को परोसे गए, जिनका बड़ी संख्या में स्थानीय शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने सपरिवार आनंद लिया।
इस अवसर पर सर्वप्रथम प्रातः 7:00 बजे एक मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। चौगान मैदान चंबा से करियां तक आयोजित इस मिनी मैराथन में 18 वर्ष से कम तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लड़कों ने अलग-अलग वर्गों में हिस्सा लिया।
शुभारंभ के पश्चात अजीत भट्ट एंड पार्टी चंबा, सरस्वती लोक कला संगम चंबा, गद्दी सांस्कृतिक दल रूनु कोठी, तथा चामुंडा साँस्कृतिक दल देवी कोठी के कलाकारों के अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा स्थानीय लोक संस्कृति पर आधारित अनेक मनोरंजक व ज्ञानवर्धक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा योग प्रस्तुति, रेड क्रॉस द्वारा म्यूजिकल चेयर रेस तथा खेल विभाग की ओर से रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिनका हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश की प्रथम महिला नागरिक लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता, लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज, विधायक डॉ हंसराज व नीरज नैयर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।