हमीरपुर 23 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के मुख्यालय में आज बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर की अध्यक्षता में सभी जिलों एवं जोनों के श्रम कल्याण अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान लंबित मामलों के शीघ्र निपटान के उद्देश्य से अनुभाग अधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया। यह समिति लंबित मामलों एवं क्लेमों की जांच करेगी तथा उनके निपटान के संबंध में अपनी रिपोर्ट बोर्ड मुख्यालय को प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, बैठक में वर्ष 2021-22, 2022-23 एवं 2023-24 के शेष लंबित क्लेमों की स्थिति की समीक्षा की गई। अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने सभी श्रम कल्याण अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित क्लेमों का शीघ्र भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा सत्यापन के उपरांत पात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों के क्लेम सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए जल्द से जल्द बोर्ड मुख्यालय को प्रेषित किए जाएं, ताकि पात्र निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र प्रदान किया जा सके।
बैठक में लंबित मामलों के समयबद्ध निपटान तथा पात्र लाभार्थियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया गया।