शहीद स्मारक पर 1965 भारत-पाक युद्ध का 61वां विजय दिवस मनाया
डीसी राहुल कुमार ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सैनिकों को दी श्रद्धांजलि

बिलासपुर, 23 सितंबर: 1965 के भारत-पाक युद्ध के 61वें विजय दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक कल्याण समिति, हिमाचल प्रदेश द्वारा चंगर स्थित शहीद स्मारक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया गया।
उन्होंने कहा कि 61वां युद्ध विजय दिवस वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य की ऐतिहासिक गाथाओं को स्मरण करने का अवसर है। सितंबर 1965 में भारतीय सेना की 3 जाट बटालियन ने डोगराई की ऐतिहासिक लड़ाई में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए डोगराई पर विजय प्राप्त की थी। भारतीय सैनिकों की इस वीरता और बलिदान को देश आज भी गर्व और सम्मान के साथ याद करता है।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि विजय दिवस केवल युद्ध में भारत की विजय का स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन सभी वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को याद करने तथा उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है, जिन्होंने देश की रक्षा और सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने देश की क्षेत्रीय अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा को बनाए रखने में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हिमाचल प्रदेश का भी भारतीय सेना में गौरवपूर्ण योगदान रहा है और बिलासपुर जिला वीर सैनिकों तथा शहीदों की समृद्ध परंपरा के लिए जाना जाता है।
राहुल कुमार ने कहा कि आज का दिन देश के वीर जवानों और शहीदों के साहस, त्याग और देशभक्ति को स्मरण करने के साथ-साथ उनके योगदान से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना से युवाओं को साहस, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना सीखने को मिलती है। हमारे सैनिकों ने जिस साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की सीमाओं, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा की है, उसी के कारण देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विजय दिवस देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और बिलासपुर जिला के लिए भी गौरव का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और वीर सैनिकों के आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद परिवारों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके त्याग और सेवाओं को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा।
समारोह में पूर्व सैनिक कल्याण समिति के पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरनाथ धीमान और अध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार, कैप्टन धनीराम, कैप्टन सोहन सिंह, ,पूर्व सैनिक, वीर नारियां, शहीद परिवारों के सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

============================================

पनोह पंचायत में मशरूम उत्पादन का 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
बिलासपुर, 23 सितंबर: यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, बिलासपुर द्वारा पनोह पंचायत में मशरूम उत्पादन पर 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों तथा बीपीएल परिवारों से 31 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक चन्द्र शेखर यादव ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने प्रतिभागियों का आह्वान किया कि वे मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार के रूप में अपनाकर अपनी आजीविका का साधन बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संस्थान द्वारा विभिन्न गतिविधियों में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित है तथा 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ग्रामीण युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों में प्रशिक्षण प्रदान करता है। संस्थान द्वारा ड्रेस डिजाइनिंग, ब्यूटी पार्लर, रेशम कीट पालन, मशरूम उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, बैग निर्माण, खिलौना निर्माण, कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी, मोटर ड्राइविंग सहित विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण दिया जाता है।
इस अवसर पर चन्द्र शेखर यादव ने बैंकों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा विभिन्न बीमा योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों के लिए बैंकों के माध्यम से मुद्रा ऋण, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना, स्टैंड अप इंडिया सहित विभिन्न ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, बिलासपुर में जल्द ही ब्यूटी पार्लर और सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इच्छुक प्रशिक्षणार्थी संस्थान में आकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त 8988818600 पर संपर्क कर भी पंजीकरण करवाया जा सकता है।