हिसार, 07.09.26-- हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं हरियाणा कॉन्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने प्रदेश के व्यापारियों से बातचीत करने के उपरांत कहा कि हरियाणा में पिछले 33 दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण प्रदेश में बीमारी फैल रही है। हरियाणा में जगह-जगह गंदगी के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं, जिसके कारण महामारी फैलने का डर बना हुआ है। सरकार को सफाई कर्मचारियों के साथ टकराव की नीति अपनाने की बजाय बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान करना चाहिए ताकि हरियाणा जो गंदगी के ढेर में बदल चुका है, हरियाणा में सफाई व्यवस्था को सुचारु रूप से किया जा सके, जिससे जनता को राहत मिल सके।
बजरंग गर्ग ने कहा कि पूर्व की सरकार ने तीन साल की सेवा पूरी कर चुके कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का नियम बनाया था। भाजपा सरकार ने भी 13 मई को सफाई कर्मचारियों की 17 मांगों पर सहमति जताई थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, मगर सरकार बार-बार अपने वादे से मुकर रही है। इसके कारण सफाई कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा में करीब 1 लाख 80 हजार सरकारी पद खाली पड़े हैं। सरकार को अपने वादे के अनुसार इन खाली सरकारी पदों को भरना चाहिए, ताकि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके। बजरंग गर्ग ने कहा कि जो सरकार अपने सरकारी कर्मचारियों को संतुष्ट नहीं कर सकती, वह आम जनता को कैसे संतुष्ट करेगी, यह एक बड़ा चिंता का विषय है। सरकार को कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान करते हुए प्रदेश में सफाई व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से सुचारू रूप से करवाना चाहिए।