को-प्रोडक्शन मार्केट-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 तक
फीचर एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माताओं के लिए एक और सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है एनएफडीसी

हमीरपुर 24 अगस्त। अगर आप फीचर्स और वृत्तचित्र यानि डॉक्यूमेंट्री बनाने का शौक रखते हैं और किसी बड़े वृत्तचित्र निर्माता या अंतर्राष्ट्रीय स्तर के निर्माता के साथ कोई फीचर या डॉक्यूमेंट्री बनाना चाहते हैं तो ऐसे प्रतिभाशाली निर्माताओं के लिए राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) एक बार फि र ‘को-प्रोडक्शन मार्केट-2026’ के माध्यम से एक सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है।
को-प्रोडक्शन मार्केट (सीपीएम) दक्षिण एशियाई विषयों पर आधारित चुनिंदा परियोजनाओं के लिए एक ऐसा मंच है, जहां सह-निर्माण के लिए वित्तीय और कलात्मक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। हर साल को-प्रोडक्शन मार्केट के लिए चयनित परियोजनाओं के फिल्म निर्माताओं को भारतीय और अंतरराष्ट्रीय निर्माताओं, वितरकों, विक्रय एजेंटों और सह-निर्माण में सक्रिय फाइनेंसरों से जुड़ने के कई अवसर मिलते हैं। इसका उद्देश्य विश्वभर के फिल्म पेशेवरों को एक साथ लाने और अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण के अवसरों को बढ़ावा देना है।
को-प्रोडक्शन मार्केट 2026 के लिए इच्छुक फीचर एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माताओं से 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट वेव्सबाजार.कॉम पर लॉग इन किया जा सकता है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का एक बहुत ही महत्वपूर्ण उपक्रम एनएफडीसी फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नए लोगों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करता है। इसी कड़ी में ‘को-प्रोडक्शन मार्केट 2026’ का आयोजन किया जा रहा है।
============================================
पीएनबी के जीएम ने प्राइमरी स्कूल घरथेड़ी को भेंट किए कंप्यूटर

हमीरपुर 24 अगस्त। पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय शिमला के महाप्रबंधक राजेश कुमार ने सोमवार को बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर का दौरा करके कार्यालय की गतिविधियों एवं कार्य प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने हमीरपुर की निकटवर्ती राजकीय प्राथमिक पाठशाला घरथेड़ी का दौरा करके इस पाठशाला को पंजाब नेशनल बैंक की ओर से कंप्यूटर भेंट किए। उन्होंने स्कूल के विद्यार्थियों को स्टेशनरी का सामान और अन्य सामग्री भी वितरित की तथा स्कूल के परिसर में पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के प्रमुख अरविंद यादव, उप प्रमुख पोविंदर ठाकुर, अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, मुख्य प्रबंधक अखिल गंगवार, बैंक के अन्य अधिकारी, स्कूल के शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
===========================================
हमीरपुर में डिप्लोमाधारकों के साक्षात्कार 27 को

हमीरपुर 24 अगस्त। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की कंपनी ब्ल्यू स्टार लिमिटेड में ट्रेनी, पीएमआईएस, अप्रेंटिस और अस्थायी कर्मचारियों के 100 पदों को भरने के लिए 27 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल के डिप्लोमाधारक या फिटर, वैल्डर, इलेक्ट्रिकल, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडिशनर, मशीनिस्ट, प्लंबर, टर्नर और पंप ऑपरेटर ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमाधारक 18 से 25 वर्ष तक के महिला एवं पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे।
ट्रेनी, पीएमआईएस और अप्रेंटिस के लिए चयनित उम्मीदवारों को 16 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा। जबकि, अस्थायी पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों को 20,500 रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।