MAHENDERGARH, 15.07.26-हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन (सीआईआई) द्वारा विश्वविद्यालय के इन्क्यूबेटेड स्टार्टअप महाराज साइबर सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के तकनीकी सहयोग से आयोजित दस दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्क्लेव ऑन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सुरक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियां एवं करियर विकास का मंगलवार को सफल समापन हो गया। 5 से 14 जुलाई, 2026 तक आयोजित इस कॉन्क्लेव ने शिक्षा, उद्योग, अनुसंधान और सरकारी संस्थानों के बीच सहयोग को नई दिशा प्रदान की।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि एवं कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने कहा कि आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा और उभरती प्रौद्योगिकियां वैश्विक विकास की दिशा तय कर रही हैं। ऐसे समय में विश्वविद्यालयों की भूमिका केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों, नवाचार, अनुसंधान और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में नवाचार, उद्यमिता और तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल फॉरेंसिक एवं अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में वैश्विक स्तर की विशेषज्ञता अर्जित करने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्क्लेव में देश-विदेश से 500 से अधिक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों, सरकारी अधिकारियों तथा साइबर सुरक्षा पेशेवरों ने सहभागिता की। दस दिनों तक चले इस आयोजन में प्रतिभागियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, डिजिटल फॉरेंसिक, उभरती प्रौद्योगिकियों, नवाचार तथा करियर विकास से जुड़े विविध विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा, तकनीकी कार्यशालाएं, लाइव डेमोंस्ट्रेशन और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से नवीनतम ज्ञान अर्जित किया।
समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा आयोजन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशेषज्ञों एवं सहयोगियों को सम्मानित किया गया। समापन सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। प्रतिभागियों ने इस आयोजन को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि उन्हें देश-विदेश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने, नवीनतम तकनीकी विषयों को समझने तथा पेशेवर नेटवर्क विकसित करने का उत्कृष्ट अवसर प्राप्त हुआ।
इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्क्लेव के सफल आयोजन में सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन के निदेशक डॉ. मुरलीधर नायक भुक्या तथा महाराज साइबर सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक श्री विकास कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार, समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा, कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार, प्रो. सुनीता श्रीवास्तव’’ तथा प्रो. आशीष माथुर के सतत मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कॉन्क्लेव में अशोक कुमार (आईपीएस), डॉ. जी. के. गोस्वामी (आईपीएस), श्री नवीन कुमार (सिविल जज), अंतरराष्ट्रीय साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ एवं लेखक प्रो. अमित दुबे तथा डॉ. नीरज कर्ण सिंह ने विशेषज्ञ के रूप में अपने विचार व्यक्त किए।