हरोली(ऊना),12 जुलाई. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 13 जुलाई, सोमवार को प्रातः 11 बजे सिविल अस्पताल हरोली में लगभग साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अतिरिक्त अस्पताल भवन की आधारशिला रखेंगे।
यह अतिरिक्त भवन 100 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल हरोली की बढ़ी हुई क्षमता के अनुरूप स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को अधिक व्यवस्थित, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को उसके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के अनुरूप हरोली सहित पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त भवन बनने से अस्पताल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर एवं अधिक सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में हरोली क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के साथ आधुनिक जांच सुविधाओं का भी निरंतर विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है, ताकि लोगों को बेहतर, सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।