अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने आतंकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई शपथ

चम्बा, 21 मई-उपायुक्त कार्यालय परिसर में आज अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने उपायुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध शपथ दिलाई।

शपथ के दौरान सभी ने देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ़ विश्वास व्यक्त करते हुए सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने का संकल्प लिया। साथ ही मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव तथा सूझबूझ कायम रखने और मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली विघटनकारी शक्तियों से लड़ने का भी संकल्प लिया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि आतंकवाद और हिंसा समाज तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
====================================
सहमति से मामलों के निपटारे के लिए 21 से 23 अगस्त तक आयोजित होगी विशेष लोक अदालतें
चम्बा, 21 मई-उप मंडलीय विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश शुभांगी जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि समाधान समारोह के तहत होगी लोक अदालत सर्वोच्च न्यायालय में समाधान समारोह 2026 के तहत लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि आम लोगों के लिए न्याय सुलभ बनाने के सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के प्रयासों की कड़ी में समाधान समारोह 2026 का शुभारंभ 21 अप्रैल को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया गया है। इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न मुकदमों का निपटारा आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान का समापन 21, 22 तथा 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालतों के साथ होगा। उन्होंने बताया कि समाधान समारोह के तहत 21 अप्रैल 2026 से ही सुलह एवं मध्यस्थता बैठकों का आयोजन प्रारंभ हो चुका है। ये बैठकें राज्य, जिला, तालुका तथा उच्च न्यायालय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं समितियों के अंतर्गत स्थापित मध्यस्थता केंद्रों में आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच सहमति बनाने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से अथवा वर्चुअल माध्यम से भी भाग ले सकते हैं। अध्यक्ष, एसडीएलएसए, शुभांगी जोशी ने अधिवक्ताओं एवं सभी संबंधित पक्षकारों से आग्रह किया है कि वे इस विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अपने मामलों के समाधान के लिए आगे आएं। उन्होंने बताया कि लंबित मामलों को समाधान समारोह, विशेष लोक अदालत 2026 में शामिल करने के लिए एक सरल गूगल फॉर्म तैयार किया गया है, जो sci.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक पक्षकार दिए गए लिंक forms. Google के माध्यम से फॉर्म भरकर अपने मामले को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करवा सकते हैं। गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है। किसी भी प्रकार की सहायता अथवा जानकारी के लिए समाधान समारोह हेतु स्थापित वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) से
निम्न दूरभाष नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है-011-23115652, 011-23116464, इसके अतिरिक्त सीआरपी निदेशक से दूरभाष नंबर. 011-23116465 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
===========================================
एडीएम शिल्पी बेक्टा ने दिलाई आतंकवाद विरोधी दिवस की शपथ
धर्मशाला, 21 मई: अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) शिल्पी बेक्टा ने आज आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद और हिंसा के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिंसा का विरोध करने का संकल्प लिया।
एडीएम शिल्पी बेक्टा ने कहा कि आतंकवाद समाज और मानवता के लिए एक गंभीर चुनौती है तथा इसके प्रति जागरूकता और एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आतंकवाद और हिंसा जैसी प्रवृत्तियों से दूर रखने तथा समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामाजिक सौहार्द, आपसी समझ तथा मानव जीवन मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।
-----------------------------------------------------------------'
सोलन-दिनांक 21.05.2026

निरंतर बढ़ती गर्मी के दृष्टिगत परामर्श जारी

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने निरंतर बढ़ती गर्मी के दृष्टिगत परामर्श जारी किया है। यह परामर्श लोगों को स्वस्थ रखने एवं बचाव के उपाय अपनाने के लिए जारी किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए लोगों से आग्रह किया कि गर्मी के दृष्टिगत दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न जाएं तथा अनावश्यक शारीरिक श्रम करने से बचें। उन्होंने कहा कि बाहर जाने की स्थिति में सूती एवं पूरी बाजू के कपड़े पहनें तथा सिर ढक कर बाहर निकलें।
उन्होंने कहा कि बाहर जाते समय अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें और नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। उन्होंने कहा कि कॉफी एवं कोल्ड ड्रिंक के स्थान पर नींबू पानी, फलों का रस तथा नमक-चीनी के घोल का सेवन करें। इनके सेवन से शरीर में पानी की कमी नहीं होगी।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि लू लगने की स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं और उन्हें ओ.आर.एस. या नमक-चीनी का घोल दें तथा शरीर को ठंडा करने का प्रयास करें। आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित व्यक्ति को तुरंत समीप के स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार के लिए ले जाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि लू से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार के लिए आवश्यक दवाएं एवं व्यवस्थाओं के साथ पूरी तरह सतर्क एवं तत्पर होकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि एहतियाती उपाय अपनाकर शरीर में जल की कमी एवं लू लगने से बचाव किया जा सकता है।