MANDI, 15.05.26-मत्स्यिकी विभाग, मत्स्य मण्डल मण्डी के क्षेत्रीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने जिले में अवैध मत्स्य शिकार एवं बिक्री से संबंधित गतिविधियों की प्रभावी रोकथाम हेतु कड़े कदम उठाए हैं। सहायक निदेशक, मत्स्य का अतिरिक्त कार्याभार संभाल रहे वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी, मत्स्य मण्डल मण्डी, श्रीमती ऋचा गुप्ता ने जानकारी दी कि जिले में कुछ मछली विक्रेता बिना बिल और आवश्यक दस्तावेजों के अवैध रूप से मछली लाकर बेच रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए नेरचौक, रत्ती एवं कनैड में गत दिनों गश्त की गई तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई गई। निरीक्षण के दौरान मछली विक्रेताओं द्वारा अवैध रूप से बेची जा रही 65 किलोग्राम पंगास मछली जब्त की गई तथा कुल ₹8,700 का जुर्माना वसूला गया।

वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी, श्रीमती ऋचा गुप्ता ने सभी मछली विक्रेताओं से अपील की है कि वे अवैध मत्स्य बिक्री से बचें। जो भी मछली विक्रेता अवैध मत्स्य बिक्री करते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मत्स्य अधिनियम, 1976 तथा मत्स्य नियमावली, 2020 के अंतर्गत दोषियों के विरुद्ध अवैध मछली बिक्री के मामलों में प्रकरण दर्ज कर भारी जुर्माना वसूलने का प्रावधान है।