मैसूर: 11.05.26- हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां आज अपराह्न 3:00 बजे वायुमार्ग द्वारा चण्डीगढ़ से हैदराबाद होते हुए मैसूर पहुँचे जहॉं वह कल से आरम्भ हो रहे पीठासीन अधिकारियों की समिति की बैठक में भाग लेंगे। गौरतलब है ‍कि लोक सभा द्वारा गठित पीठासीन अधिकारियों की समिति की यह बैठक 12 व 13 मई, 2026 को कर्नाटक के ऐतिहासिक महलों के शहर मैसूर स्थित साइलेंट शोर्ज रिजॉटस में आयोजित की जा रही है।

मैसूर एयरपोर्ट पहुँचने पर जिलाधीश मैसूर द्वारा विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां की अगवानी की गई तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया जबकि बैठक स्थल पर कर्नाटक विधान सभा के अधिकारियों द्वारा उनका परम्परागत एवं भव्य स्वागत किया गया। समिति 12 व 13 मई को “विधान मण्डल निकायों के कार्य संचालन और प्रक्रिया नियमों का एकसमान मॉडल” विषय पर गहनता से मंथन करेगी तथा निष्कर्ष तक पहुँचने पर अन्तत: इसकी रिर्पोट लोक सभा अध्यक्ष को प्रेषित करेगी। इस बैठक में पठानियां सहित 6 राज्यों के पीठासीन अधिकारी भाग ले रहें हैं जिसके सभापति उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना बनाए गए हैं। जबकि राज्य सभा उप सभापति डॉ0 हरिवंश तथा लोक सभा के वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे। कर्नाटक विधान सभा अध्यक्ष यू0 टी0 खादर फरीद इसकी मेजबानी कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी इस बैठक में भाग ले रहे हैं।