चण्डीगढ़, 05.05.26- : भारतीय जनता पार्टी, चण्डीगढ़ प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन हरियाणा के मोरनी नेचर कैंप में किया गया। इस शिविर का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की ओर से किया गया। प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भूपिंदर सिंह सैनी ने की।

शिविर में पार्टी कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें केंद्र की मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं, बूथ प्रबंधन, ‘मन की बात’ कार्यक्रम, सोशल मीडिया तकनीक, भाजपा का इतिहास और विकास, विचार परिवार, वैचारिक अधिष्ठान, कार्यकर्ता विकास, दायित्व बोध, कार्य पद्धति तथा देश के समक्ष चुनौतियों जैसे मुद्दे शामिल रहे।

शिविर में मुख्य रूप से भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जितेंदर पाल मल्होत्रा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संजय टंडन, राज्यसभा सांसद सतनाम संधू, संगठन मंत्री मंत्री श्रीनिवासुलु सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इसके अलावा अरुण सूद, रामबीर भट्टी, दीपक बत्रा, शक्ति प्रकाश देवशाली, मोहिंदर निराला, सतिंदर सिंह, महेश इन्दर सिंधु और संजीव राणा समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शिविर में शामिल हुए। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक, वैचारिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना रहा, ताकि वे आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।