जिला बिलासपुर में 3 मई को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों के मद्देनज़र उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज गर्ल्स स्कूल बिलासपुर का निरीक्षण किया।

बिलासपुर, 28 अप्रैल-जिला बिलासपुर में 3 मई को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों के मद्देनज़र उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज गर्ल्स स्कूल बिलासपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं के साथ-साथ प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में स्कूल को सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत को-एजुकेशन संस्थान बनाए जाने के बाद आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए बनाए गए शौचालयों की स्थिति का निरीक्षण किया और छोटी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं के लिए अलग से शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने सभी कक्षाओं में जाकर बच्चों से संवाद भी किया और उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसकी प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच के महत्व से भी अवगत करवाया।
उपायुक्त ने स्कूल प्रशासन को निर्देश दिए कि शौचालय निर्माण, बाउंड्री वॉल, भवन मरम्मत तथा व्हाइटवॉशिंग के कार्यों के लिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
उन्होंने कहा कि सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत को-एजुकेशन व्यवस्था लागू होने के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य सुविधाओं को लेकर संतोषजनक स्थिति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

=====================================

पंचायत निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन, संशोधित सूची जारी
बिलासपुर, 28 अप्रैल: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर की उन ग्राम पंचायतों, पंचायत समिति सदर, घुमारवीं तथा झंडूता और जिला परिषद के सभी निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है, जो पंचायतों के गठन, पुनर्गठन अथवा विभाजन की प्रक्रिया से प्रभावित हुई हैं तथा माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दायर एक याचिका में के अंतर्गत नहीं आती हैं।
उन्होंने बताया कि इन निर्वाचन नामावलियों के प्रारूप में पुनरीक्षण प्राधिकारी और अपीलीय प्राधिकारी द्वारा आदेशित परिवर्धन, लोप तथा शुद्धिकरण को सम्मिलित कर अंतिम रूप प्रदान किया गया है। साथ ही, हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के प्रावधानों के अनुरूप संशोधनों की सूची भी तैयार की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि इस प्रकार संशोधित एवं शुद्ध की गई निर्वाचन नामावली की एक प्रति, संशोधनों की सूची सहित, अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी गई है। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वह प्रकाशित नामावली का अवलोकन करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

==========================================

जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया शुरू
26, 28 व 30 मई को तीन चरणों में होगा मतदान, 7 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, जिला में आचार संहिता लागू
जिला में 3 लाख 14 हजार 120 मतदाता चुनेंगे पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि
बिलासपुर, 28 अप्रैल: राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की घोषणा के साथ ही जिला बिलासपुर में भी चुनावी प्रक्रिया आरंभ हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होंगे तथा 7 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिला में भी आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के अंतर्गत जिला परिषद के 14 वार्ड, चार पंचायत समितियों के 97 वार्ड तथा 182 ग्राम पंचायतों के 1140 वार्ड शामिल हैं। विकासखंडवार विवरण के अनुसार सदर ब्लॉक में 49 पंचायतें और 311 वार्ड, घुमारवीं में 63 पंचायतें और 403 वार्ड, झंडूता में 45 पंचायतें और 283 वार्ड तथा श्री नैना देवी जी ब्लॉक में 25 पंचायतें और 143 वार्ड हैं। इस तरह जिला बिलासपुर में कुल 182 ग्राम पंचायतों में 1140 वार्ड हैं।
उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए कुल 3 लाख 14 हजार 120 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1 लाख 57 हजार 772 पुरुष और 1 लाख 56 हजार 348 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने खण्डवार पंजीकृत मतदाता आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि सदर विकासखण्ड में कुल 80 हजार 309, घुमारवीं में 1 लाख 18 हजार 267, झंडूता में 78 हजार 351 तथा श्री नैना देवी जी में 37 हजार 193 मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अनुपूरक मतदाता सूची में 1541 नए मतदाताओं को जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे, जिसमें प्रथम चरण में 62 ग्राम पंचायतें, द्वितीय चरण में 62 तथा तृतीय चरण में 58 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। उन्होंने विकासखण्ड के आधार पर जानकारी देते हुए बताया कि घुमारवीं विकासखण्ड में प्रत्येक चरण में 21-21 पंचायतें, सदर में 17, 17 और 15 पंचायतें, झंडूता में 15-15 पंचायतें तथा श्री नैना देवी जी में क्रमशः 9, 9 और 7 पंचायतों में मतदान होगा।
उपायुक्त ने जिला बिलासपुर के सभी मतदाताओं से पंचायती राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।=================================

जिला परिषद वार्डों की मतगणना के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त

बिलासपुर, 28 अप्रैल: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आदेश जारी करते हुए जिला परिषद वार्डों की मतगणना के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को अधिकृत किया है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 30 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए संबंधित पंचायत समितियों में शामिल जिला परिषद वार्डों की मतगणना करवाने तथा मतगणना उपरांत प्रारूप 38 भाग-1 जारी करने के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को अधिकृत किया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार पंचायत समिति सदर के लिए उपमंडलाधिकारी (ना०) सदर, घुमारवीं के लिए उपमंडलाधिकारी (ना०) घुमारवीं, झंडूता के लिए उपमंडलाधिकारी (ना०) झंडूता तथा श्री नैना देवी जी क्षेत्र के लिए उपमंडलाधिकारी (ना०) श्री नैना देवी जी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

==================================================

वनों की आग से निपटने के लिए टोल फ्री नम्बर जारी
बिलासपुर, 28 अप्रैल: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वनों की आग से जुड़ी शिकायतों एवं मामलों के तुरंत कार्यवाही सुनिश्चित बनाने के लिए राज्य स्तरीय टोल फ्री नम्बर 1800-180-1916 मुख्य अरण्यपाल वन बिलासपुर में स्थापित किया गया है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि वनों की आग को लेकर इस टोल फ्री नम्बर पर तुरंत जानकारी साझा कर सकते है ताकि वनों की आग को रोकने के लिए समयबद्ध कदम उठाए जा सके।