चार पंचायतों की मतदाता सूचियों के लिए दावे या आपत्तियां 13 तक
हमीरपुर 08 अप्रैल। जिला की चार प्रभावित ग्राम पंचायतों धमरोल, गरसाहड़, छयोडीं और बफड़ीं की मतदाता सूचियों में नए पात्र लोगों नाम शामिल करने के दावे या अपात्र लोगों के नाम हटाने से संबंधित आपत्तियां 13 अप्रैल तक दाखिल की जा सकती हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मतदाता सूचियों में नाम शामिल करने की अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित प्रपत्र पर दावे या आपत्तियां 13 अप्रैल तक संबंधित पुनरीक्षण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी के समक्ष स्वयं या अपने अभिकर्ता के माध्यम से प्रस्तुत की जा सकती हैं अथवा पंजीकृत डाक से भेजी जा सकती हैं।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि पुनरीक्षण अधिकारी 17 अप्रैल तक सभी दावों और आपत्तियां का निपटारा करेंगे। पुनरीक्षण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध अपीलें 20 अप्रैल तक स्वीकार की जाएंगी, जिनका निपटारा 22 अप्रैल तक करके इन पंचायतों की मतदाता सूचियों को 24 अप्रैल तक अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया जाएगा।